भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

रांजाबुरु खदान में हाईवा चालकों से मारपीट के 12 दिन बाद JMM नेता बृंदावन गोप गिरफ्तार, जेल भेजे गए

On: August 26, 2026 8:21 PM
Follow Us:
रांजाबुरु खदान में हाईवा चालकों से मारपीट के 12 दिन बाद JMM नेता बृंदावन गोप गिरफ्तार, जेल भेजे गए
---Advertisement---

रिपोर्ट : शैलेश सिंह/संदीप गुप्ता 

किरीबुरू। सेल, गुवा के रांजाबुरु खदान में जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन के दौरान करीब 12 दिन पूर्व तीन हाईवा चालकों के साथ हुई मारपीट के मामले में गुवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सह झामुमो नेता बृंदावन गोप को 26 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद रांजाबुरु आंदोलन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

रांजाबुरु खदान में हाईवा चालकों से मारपीट के 12 दिन बाद JMM नेता बृंदावन गोप गिरफ्तार, जेल भेजे गए
वृंदावन गोप की फाइल तस्वीर

आंदोलन के दौरान हाईवा चालकों पर हुआ था हमला

सारंडा विकास समिति, जामकुंडिया-दुईआ के बैनर तले मुखिया राजू सांडिल और मानकी लागुड़ा देवगम के नेतृत्व में रांजाबुरु खदान में आंदोलन चल रहा था। इसी दौरान करीब 12 दिन पूर्व मां सरला ठेका कंपनी के तीन हाईवा चालक अपने-अपने वाहन लेकर खदान में जा रहे थे। आरोप है कि आंदोलनकारियों ने वाहनों को रोककर चालकों के साथ मारपीट की।

इस घटना में तीनों हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। इसी क्रम में 12 दिन बाद बृंदावन गोप की गिरफ्तारी हुई है।

एक गिरफ्तारी से मचा हड़कंप

बृंदावन गोप की गिरफ्तारी के बाद रांजाबुरु आंदोलन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपियों के साथ-साथ अज्ञात लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

12 दिन बाद पुलिस की कार्रवाई बनी चर्चा का विषय

घटना के करीब 12 दिन बाद हुई गिरफ्तारी ने पूरे मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार किए गए बृंदावन गोप झामुमो नेता बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद आंदोलन के दौरान हुई मारपीट की घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।

आंदोलन जारी या खत्म, स्थिति साफ नहीं

इधर, रांजाबुरु खदान में अनिश्चितकालीन आंदोलन को लेकर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। घोषित रूप से आंदोलन अभी जारी बताया जा रहा है, लेकिन आंदोलन स्थल पर फिलहाल कोई आंदोलनकारी नजर नहीं आ रहा है। इससे सवाल उठ रहा है कि आखिर आंदोलन वास्तव में जारी है या फिर धरना-प्रदर्शन समाप्त हो चुका है?

नेतृत्वकर्ता भी नहीं दे पा रहे स्पष्ट जानकारी

आंदोलन के नेतृत्व में प्रमुख भूमिका निभा रहे मानकी लागुड़ा देवगम ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से मलेरिया से ग्रसित होकर इलाजरत हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बृंदावन गोप की गिरफ्तारी और आंदोलन की वर्तमान स्थिति की जानकारी नहीं है।

ऐसे में एक ओर मारपीट के मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर आंदोलन स्थल पर पसरा सन्नाटा पूरे आंदोलन की मौजूदा स्थिति पर सवाल खड़े कर रहा है।

अब अन्य आरोपियों पर पुलिस की नजर

बृंदावन गोप की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई किन लोगों तक पहुंचती है, इस पर सबकी नजर है। हाईवा चालकों से मारपीट के मामले में पुलिस अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है। 12 दिन बाद हुई पहली बड़ी गिरफ्तारी ने रांजाबुरु आंदोलन के पूरे घटनाक्रम को एक बार फिर कटघरे में ला खड़ा किया है।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment