थाना प्रभारी के नाम से बनाई फर्जी आईडी
रिपोर्ट शैलेश सिंह
किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नाम से साइबर अपराधियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को मैसेज भेजकर ठगी का प्रयास शुरू कर दिया है। साइबर अपराधी थाना प्रभारी के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को अपने झांसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं।

संवाददाता से भी मांगे 1000 रुपये
19 अगस्त की रात सिंहभूम हलचल के संवाददाता को भी साइबर अपराधियों ने इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजा। मैसेज के माध्यम से तत्काल मदद के नाम पर 1000 रुपये की मांग की गई। इसके साथ ही पैसा भेजने के लिए एक स्कैनर भी भेजा गया।

मैसेज की भाषा से हुआ शक
संवाददाता ने साइबर अपराधियों के मैसेज और टेक्स्ट लिखने की शैली को देखते ही समझ लिया कि यह थाना प्रभारी की ओर से भेजा गया संदेश नहीं, बल्कि साइबर ठगों की करतूत है। इसके बाद संवाददाता ने न तो पैसे भेजे और न ही उनके द्वारा भेजे गए स्कैनर का इस्तेमाल किया।

कई लोगों को भेजे जा रहे मैसेज
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि कई जानने वाले लोगों ने उन्हें इसकी जानकारी दी है। लोगों ने बताया कि उनके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर साइबर अपराधी पैसे की मांग कर रहे हैं।
थाना प्रभारी ने किया सावधान
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने लोगों से ऐसे साइबर अपराधियों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनके नाम से किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पैसे की मांग वाला संदेश आए तो उस पर विश्वास नहीं करें और किसी भी स्थिति में पैसे ट्रांसफर न करें।

फर्जी आईडी से रहें सतर्क
उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी परिचित, अधिकारी या पुलिस पदाधिकारी के नाम से पैसे की मांग होने पर पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। अनजान लिंक, क्यूआर कोड या स्कैनर के माध्यम से भुगतान करने से भी बचें, ताकि साइबर ठगी का शिकार होने से बचा जा सके।














