तेज बारिश का उठाया फायदा, सीसीटीवी में लोहे का सरिया लेकर आते-जाते दिखे दो संदिग्ध
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
किरीबुरू शहर के प्रोस्पेक्टिंग चौक स्थित नोबो पुथाल की दुकान में चोरों ने देर रात धावा बोलकर कैश बॉक्स पर हाथ साफ कर दिया। घटना 21/22 जुलाई की मध्य रात्रि करीब 1:30 बजे की है।
दुकान संचालक नोबो पुथाल ने बताया कि चोरों ने लोहे के औजार से दुकान के साइड दरवाजे में लगे ताले को कुंडी सहित उखाड़ दिया और अंदर घुसकर कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। कैश बॉक्स में कितनी नकदी थी, इसका अभी सही आकलन नहीं हो सका है। हालांकि दुकान में रखे खाने-पीने के अन्य सामान सुरक्षित मिले और उनकी चोरी नहीं हुई।

घटना के समय तेज बारिश हो रही थी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध युवक हाथ में लोहे का सरिया लेकर दुकान की ओर जाते और कुछ मिनट बाद वापस भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर पुलिस जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।














