भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

पांच दिनों से अंधेरे में रोवाम गांव, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

On: July 22, 2026 6:18 PM
Follow Us:
---Advertisement---

बिजली ठप होने से पढ़ाई प्रभावित, जंगल क्षेत्र में जंगली जानवरों का बढ़ा खतरा

रिपोर्ट: शैलेश सिंह

सारंडा के गंगदा पंचायत अंतर्गत रोवाम समेत आसपास के गांवों में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समस्या का समाधान नहीं किए जाने पर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

मोबाइल चार्ज से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित

ग्रामीण विकाश गोप ने बताया कि बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। वहीं मोबाइल चार्ज नहीं होने से लोगों का संपर्क भी बाधित हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल रहने से दैनिक जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है।

जंगल क्षेत्र होने से बढ़ी सुरक्षा की चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि रोवाम और आसपास का इलाका घने जंगल से घिरा हुआ है। रात में अंधेरा रहने के कारण हाथी समेत अन्य जंगली जानवरों और विषैले जीव-जंतुओं का खतरा लगातार बना रहता है। बिजली नहीं होने से ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

दोदारी और दुईया तक बिजली, रोवाम के बाद आपूर्ति बंद

विकाश गोप ने बताया कि इसी पंचायत के दोदारी और दुईया गांव तक बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से हो रही है, लेकिन उसके बाद रोवाम क्षेत्र में आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी स्थानीय फॉल्ट या तकनीकी खराबी के कारण लाइन बाधित हुई है, जिसे अब तक ठीक नहीं किया गया है।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही खराबी दूर करने की पहल हुई। इससे लोगों में विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से अविलंब खराबी की जांच कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment