सड़क पर पड़ा है पेड़ का आधा हिस्सा
रिपोर्ट शैलेश सिंह
किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर ओम शांति स्थल मंदिर से लगभग एक किलोमीटर आगे मुख्य सड़क पर गिरा पेड़ दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। पेड़ को बीच से काटकर सड़क से हटाने का प्रयास तो किया गया, लेकिन उसका आधा हिस्सा अभी भी सड़क के एक हिस्से पर पड़ा हुआ है।

आधी सड़क पर पेड़, आवागमन प्रभावित
पेड़ का आधा हिस्सा सड़क पर ही रहने के कारण सड़क का एक भाग बाधित हो गया है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। सड़क पर पड़ा पेड़ कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
घना कोहरा बढ़ा रहा खतरा
वर्षा ऋतु में किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर दिन-रात घना कोहरा छाया रहता है। खासकर रात के समय घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को सामने की सड़क तक स्पष्ट दिखाई नहीं देती।
तेज लाइट में भी नहीं दिखती सड़क
घने कोहरे के बीच वाहनों की तेज हेडलाइट जलाने के बावजूद सड़क स्पष्ट नजर नहीं आती। ऐसी स्थिति में सड़क पर पड़ा पेड़ वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
यदि कोई वाहन चालक घने कोहरे के बीच सड़क पर पड़े पेड़ को समय रहते नहीं देख पाया तो वह सीधे पेड़ से टकरा सकता है। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
पेड़ को पूरी तरह हटाने की मांग
स्थानीय लोगों एवं वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क पर पड़े पेड़ के शेष हिस्से को तत्काल हटाया जाए। लोगों का कहना है कि दुर्घटना होने का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को समय रहते इस समस्या का समाधान करना चाहिए।











