कारो नदी भी उफान पर, प्रशासन ने पुल और नदी के आसपास नहीं जाने की दी चेतावनी
गुवा संवाददाता। सोमवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सारंडा क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित बोकना पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है।
गुवा से बड़ाजामदा जाने के लिए मुख्य रूप से दो रास्ते हैं। पहला मार्ग हाथी चौक होकर जाता है, जबकि दूसरा मार्ग पंचमुखी हनुमान मंदिर होते हुए बोकना पुल से होकर गुजरता है। बोकना पुल वाला रास्ता अपेक्षाकृत छोटा होने के कारण लोगों को बड़ाजामदा पहुंचने में करीब तीन किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़ती है। ऐसे में पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव शुरू होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तेज बहाव के कारण बढ़ा खतरा
पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण किसी भी समय तेज बहाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसे देखते हुए लोगों से पुल पार करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई है। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
कारो नदी का जलस्तर भी बढ़ा
इधर, लगातार हो रही बारिश के कारण कारो नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है और नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में भी लोगों की चिंता बढ़ गई है।

प्रशासन ने लोगों को कारो नदी में मछली पकड़ने, नहाने या किसी अन्य कार्य के लिए जाने से पूरी तरह बचने की चेतावनी दी है। लोगों से नदी, पुल और जलभराव वाले स्थानों के आसपास नहीं जाने तथा बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखने की अपील की गई है।
लगातार बारिश को देखते हुए क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। लोगों से मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।













