दोपहर बाद बदला मौसम, ठंड का एहसास और बाजार-खेल गतिविधियां ठप
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
सारंडा क्षेत्र में शनिवार दोपहर लगभग 12:15 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी और हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने किरीबुरू, मेघाहातुबुरु समेत आसपास के इलाकों में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।

घर बने टापू, बारिश का पानी घुसा अंदर
तेज बारिश के कारण कई घरों की छतों से पानी रिसकर अंदर घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी गंभीर रही, जहां लोग पानी निकालने में जुटे रहे।
शनिचरा हाट और क्रिकेट प्रतियोगिता पर पड़ा असर
बारिश का सीधा असर मेघाहातुबुरु में लगने वाली प्रसिद्ध शनिचरा हाट पर पड़ा, जहां दुकानें नहीं लग सकीं और व्यापार प्रभावित हुआ। वहीं किरीबुरू मैदान में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता भी पूरी तरह बाधित हो गई। बाहरी क्षेत्रों से आए खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य मौसम की मार से परेशान नजर आए।
तापमान में गिरावट, दिन में भी महसूस हुई ठंड
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई। आलम यह रहा कि दिन के समय भी लोगों को ठंड का एहसास होने लगा, जिससे मौसम ने एक बार फिर सर्दी जैसी स्थिति पैदा कर दी।
अचानक बदले मौसम से लोग सतर्क
अचानक बदले इस मौसम ने लोगों को सतर्क कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की तेज आंधी और बारिश ने गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन दैनिक जीवन और रोजमर्रा की गतिविधियों पर इसका गहरा असर पड़ा है।










