रिपोर्ट: शैलेश सिंह
किरीबुरू–बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर शांति स्थल मंदिर के समीप एक खतरनाक मोड़ पर एक बड़ा टेलर वाहन फंस जाने से पूरे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। अचानक हुई इस घटना ने सड़क पर लंबा जाम लगा दिया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बसें और यात्री बने हालात के शिकार
आज सुबह से ही किरीबुरू से विभिन्न शहरों के लिए रवाना होने वाली यात्री बसें और अन्य वाहन अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। बस स्टैंड और सड़क पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई, जहां लोग घंटों इंतजार करते नजर आए। खासकर नौकरीपेशा लोग, छात्र और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन की मशक्कत, रास्ता साफ करने की कोशिश जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग मौके पर पहुंचे और फंसे हुए टेलर वाहन को हटाने की कोशिश शुरू कर दी गई। भारी वाहन होने के कारण इसे हटाने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन जल्द से जल्द रास्ता क्लियर करने का प्रयास किया जा रहा है।
एक मोड़, बार-बार हादसों की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि शांति स्थल मंदिर के पास स्थित यह मोड़ पहले भी कई बार दुर्घटनाओं और जाम की वजह बन चुका है। मोड़ पर सड़क की चौड़ाई कम होने और भारी वाहनों के दबाव के कारण यहां अक्सर ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। फिलहाल प्रशासन की कोशिश जारी है और लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही मार्ग को साफ कर आवागमन सामान्य कर दिया जाएगा।













