क्रेटा एफसी ने जीता उद्घाटन मैच
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू-मेघाहातुबुरु फुटबॉल क्लब एवं सेल, किरीबुरू प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “सारंडा चैंपियंस कप 2026” डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ गुरुवार को किरीबुरू फुटबॉल मैदान में उत्साह और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मैदान तालियों, आतिशबाजी तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि सेल किरीबुरू के सीजीएम पी. एम. शिरपुरकर, विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक नवीन कुमार सोनकुश्रे, थाना प्रभारी रोहित कुमार, मुखिया पार्वती कीड़ों, मुखिया प्रफ्फुलित ग्लोरिया टोपनो समेत अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया। उद्घाटन के दौरान छोटे बच्चों द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया, वहीं आदिवासी बच्चियों की पारंपरिक नृत्य प्रस्तुति ने पूरे समारोह में अलग ही रंग भर दिया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।

खेल केवल मनोरंजन नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम : पी. एम. शिरपुरकर
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सीजीएम पी. एम. शिरपुरकर ने कहा कि खेल मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि मानसिक और बौद्धिक विकास भी करते हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल जैसे टीम खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, भाईचारा और आपसी एकता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि सारंडा जैसे क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां के ग्रामीण और आदिवासी युवाओं में अद्भुत खेल क्षमता मौजूद है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और अवसर देने की है। “सारंडा चैंपियंस कप” इसी उद्देश्य को लेकर आयोजित किया गया है ताकि यहां के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन अनुशासन और खेल भावना सबसे बड़ी जीत होती है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उद्घाटन मैच में क्रेटा एफसी का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच क्रेटा एफसी किरीबुरू और राम चरित्र स्पोर्टिंग क्लब मनोहरपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और मैदान में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच के शुरुआती मिनटों से ही क्रेटा एफसी के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन दूसरे हाफ में क्रेटा एफसी के खिलाड़ियों ने लगातार दबाव बनाते हुए दो शानदार गोल दाग दिए। जवाब में राम चरित्र स्पोर्टिंग क्लब की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। अंततः क्रेटा एफसी किरीबुरू ने 2-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों और नारों के साथ जोरदार उत्साहवर्धन किया।

विजेता टीमों पर होगी धनवर्षा
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को ₹70,000, द्वितीय विजेता को ₹40,000 तथा तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ₹11,000-₹11,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा बेस्ट खिलाड़ी, बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट डिफेंडर तथा अन्य व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

20 टीमों के बीच फुटबॉल का महासंग्राम
“सारंडा चैंपियंस कप 2026” में झारखंड समेत विभिन्न राज्यों की कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता सारंडा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास है।
9-9 खिलाड़ियों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला
प्रतियोगिता टाईसीट प्रणाली के आधार पर खेली जा रही है। प्रत्येक टीम में 9-9 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। मैच की कुल अवधि 20+5+20 यानी 45 मिनट निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित होगी। डेनाइट प्रतियोगिता होने के कारण दर्शकों को रोशनी के बीच रोमांचक मुकाबलों का आनंद मिलेगा।

पेनाल्टी और सिक्का टॉस से होगा फैसला
आयोजन समिति ने बताया कि यदि निर्धारित समय तक किसी मैच में हार-जीत का फैसला नहीं हो पाता है तो दोनों टीमों को 3-3 डायरेक्ट पेनाल्टी शॉट दिए जाएंगे। इसके बाद भी मुकाबला बराबरी पर रहने की स्थिति में भारतीय सिक्का टॉस के माध्यम से विजेता टीम का निर्णय लिया जाएगा।
मैच फिक्सर और आगामी मुकाबलों की पूरी जानकारी
प्रतियोगिता के तहत आगामी दिनों में विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि हर दिन शाम से लेकर देर रात तक लगातार मैच आयोजित होंगे। प्रतियोगिता का पूरा फिक्सर दर्शकों और टीम प्रबंधकों को उपलब्ध कराया गया है, ताकि खेल प्रेमी अपने पसंदीदा मुकाबलों का आनंद ले सकें।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में शामिल टीमों के बीच नॉकआउट मुकाबले होंगे और प्रत्येक मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम अगले दौर में प्रवेश करेगी। जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ेगी, मुकाबले और भी रोमांचक होते जाएंगे।

आयोजन समिति की भूमिका रही सराहनीय
प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में अध्यक्ष हीरालाल सुंडी, महासचिव दीपेन लोहार, सचिव जॉन पूर्ति, गोपी लागुरी, उपाध्यक्ष दाउद कीड़ो, बासु हेस्सा, कोषाध्यक्ष विजय गुप्ता, सुचित उर्फ लाली, आकाश, अजय नाग, जॉनसन, राजेंद्र करूआ, प्रवीण केरकेट्टा, बाबू हेस्सा, सोमा नाग, रौशन कुमार, जगदीप महाराणा, नागेश झा, अमर सिंह सुंडी, कुंदन, सूर्या मोहंती, सूरज सिंह, सुमित बेहरा, अभिनाश बहल, कान्हा मुखी, साहिल केराई, राजू कुंटीया, संतोष सिंह विश्वकर्मा, अनमोल बोदरा, लक्ष्मण मुंडू, शुभम सुमब्रई, मनोज किंडो, संजय तिग्गा समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
आयोजकों ने कहा कि सारंडा क्षेत्र में फुटबॉल की अपार संभावनाएं हैं। यहां के ग्रामीण और आदिवासी खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों में भी शानदार प्रदर्शन करते हैं। “सारंडा चैंपियंस कप 2026” के माध्यम से इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले ही दिन खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों की भारी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि सारंडा क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति लोगों का जुनून किसी बड़े शहर से कम नहीं












