गंगदा गांव में हादसा; ग्रामीणों की तत्परता से बची जान, प्राथमिक उपचार के बाद नोवामुंड़ी रेफर
गुवा संवाददाता:
गुवा थाना क्षेत्र के गंगदा गांव में शनिवार देर शाम खेत जोतने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। खेत में ट्रैक्टर चलाते समय वाहन अचानक असंतुलित होकर पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की पहचान गंगदा गांव निवासी पातर चाम्पिया के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पातर चाम्पिया अपने खेत में ट्रैक्टर से हल जोत रहे थे। इसी दौरान खेत की मिट्टी धंसने और संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर अचानक पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने पातर चाम्पिया को ट्रैक्टर के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद गुवा सेल अस्पताल को सूचना देकर एंबुलेंस बुलवाई गई और घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
गुवा सेल अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के दौरान पाया कि दुर्घटना में उनकी छाती की हड्डी टूट गई है और गंभीर अंदरूनी चोट के कारण छाती के भीतर हवा भर गई है। चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें टाटा स्टील अस्पताल, नोवामुंड़ी रेफर कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ और समय पर मिली मदद से घायल की जान बच सकी। फिलहाल पातर चाम्पिया का इलाज नोवामुंड़ी स्थित अस्पताल में जारी है, जहां उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।














