रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग स्थित वायरलेस ढलान पर मंगलवार 16 जून की शाम लगभग 7 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घायल युवती का इलाज सेल, किरीबुरू अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई मोटरसाइकिल
मृतक की पहचान आकाश जेराई (पिता-लौकेंन जेराई), निवासी बड़ानंदा, थाना जगन्नाथपुर के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवती राधि लागुरी (21 वर्ष), पिता राम सिंह लागुरी, निवासी ऊईसिया, नोवामुंडी बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक-युवती मोटरसाइकिल से किरीबुरू घूमकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वायरलेस ढलान के समीप उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि आकाश बोबोंगा को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई, जबकि राधि लागुरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
इंसानियत की मिसाल बना कार चालक
घायल युवती की बहन बुधनी लागुरी ने बताया कि वे सभी लोग अलग-अलग दो मोटरसाइकिलों से किरीबुरू घूमने आए थे। वापस लौटने के दौरान वायरलेस ढलान पर आकाश द्वारा चलायी जा रही मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद उसी मार्ग से गुजर रहे एक कार चालक ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपनी कार से तत्काल सेल अस्पताल, किरीबुरू पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी कार चालक की इस तत्परता की सराहना की है।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कार चालक घायलों को अस्पताल पहुंचा चुका था। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली तथा आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
घायल युवती खतरे से बाहर
सेल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एम. एस. दास ने बताया कि घायल युवती राधि लागुरी का इलाज जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
किरीबुरू थाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी एवं ढलान वाले मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।














