कुदापि गांव में दर्दनाक हादसा, चालक फरार
गुवा संवाददाता।
गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदापि गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बोलेरो वाहन के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए साइकिल सवार सोमा चोताम्बा (उम्र लगभग 50 वर्ष), पिता स्वर्गीय सारदा चोताम्बा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोमा चोताम्बा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
इस दुर्घटना में सुखराम चोताम्बा नामक एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे प्राथमिक उपचार के लिए नोवामुंडी स्थित टिस्को अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है।









