गुवा, संवाददाता।
गुवा बाजार स्थित झारखंड मजदूर यूनियन कार्यालय में LMV ड्राइवरों की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ड्राइवरों ने यूनियन पदाधिकारियों के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं रखते हुए बताया कि सेल गुवा प्रबंधन द्वारा LMV ड्राइवरों के लिए नया टेंडर जारी नहीं किया जा रहा है। साथ ही वर्तमान में कार्यरत ड्राइवरों को निर्धारित दर के अनुरूप भुगतान नहीं मिलने की शिकायत भी की गई। इसके अलावा रोजगार से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में यूनियन ने निर्णय लिया कि ड्राइवरों की सभी मांगों और समस्याओं को शीघ्र ही सेल गुवा प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगी। साथ ही कहा गया कि आंदोलन के दौरान यदि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी।

बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष मोहन महतो ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रकाश राउत, महामंत्री हेमराज सोनार, कपिलेश्वर डोंगो, सोमा महतो, गणेश दास, कृष्णा गोच्छाईत, धीरू साहू, अर्पण तांती, सागर दास, दासो बिरसा, मुन्ना चाम्पिया, बिरेंद्र करुआ, जुसास डांग, रवि करुआ, सुमित कांडीयांग, कनूराम चाम्पिया, सुनील लागुरी, उग्रसेन केशरी, विमल कुजूर सहित बड़ी संख्या में LMV ड्राइवर उपस्थित रहे।
बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। यूनियन ने कहा कि वह LMV ड्राइवरों के हितों की रक्षा तथा उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।













