बड़ाजामदा के गणिनाथ मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ होगा आयोजन
गुवा संवाददाता।
नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बड़ाजामदा बाजार स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में संत शिरोमणि श्रीश्री बाबा गणिनाथ गोविंद के जन्मोत्सव को लेकर मध्यदेशीय समाज के लोगों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाज के गणमान्य सदस्य काशीनाथ गुप्ता ने की।

19 सितंबर को धूमधाम से मनेगा जन्मोत्सव
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी संत शिरोमणि श्रीश्री बाबा गणिनाथ गोविंद का जन्मोत्सव 19 सितंबर, शनिवार को बड़ाजामदा स्थित गणिनाथ मंदिर में श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को सफल बनाने के लिए समाज के सदस्यों से आवश्यक तैयारियों में सहयोग करने की अपील की गई।
अधूरे मंदिर निर्माण को जल्द पूरा कराने पर जोर
बैठक के दौरान गणिनाथ मंदिर के अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने मंदिर निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की आवश्यकता जताई।
विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप
समाज के युवक-युवतियों के विवाह संबंधों को सुगम बनाने के उद्देश्य से एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का भी निर्णय लिया गया। इस ग्रुप में स्वजातीय विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा साझा किए जाएंगे। इससे समाज के लोगों को योग्य वर-वधू की तलाश करने में सुविधा मिलेगी और विवाह संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
हर माह होगी सामाजिक बैठक
बैठक में समाज की एकता और आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि समाज के लोगों के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग और भाईचारा कायम रखने के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित की जानी चाहिए। इन बैठकों में समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा कर सामूहिक रूप से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
बैठक में मनीष गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, मणि शंकर प्रसाद, दीपक गुप्ता, अमित गुप्ता, मदन गुप्ता, धनंजय गुप्ता, राजेश कुमार गुप्ता, प्रहलाद प्रसाद गुप्ता, रमेश गुप्ता, जितेंद्र प्रसाद, विनोद गुप्ता, अशोक प्रसाद गुप्ता सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित थे।













