भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

टाटा मेन अस्पताल में मरीजों को बड़ी राहत, रजिस्ट्रेशन फीस जल्द होगी पुरानी दर पर !

On: September 15, 2026 7:55 PM
Follow Us:
टाटा मेन अस्पताल में मरीजों को बड़ी राहत, रजिस्ट्रेशन फीस जल्द होगी पुरानी दर पर !
---Advertisement---

 

बढ़े चिकित्सकीय शुल्क को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जताई आपत्ति, टाटा स्टील प्रबंधन ने दिया जल्द निर्णय का भरोसा

गुवा/नोवामुंडी संवाददाता 

टाटा मेन अस्पताल, नोवामुंडी में मरीजों से लिए जाने वाले विभिन्न शुल्कों में हाल में हुई बढ़ोतरी को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने टाटा स्टील प्रबंधन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नोवामुंडी एवं आसपास का क्षेत्र दुर्गम एवं वनवासी क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में गरीब, आदिवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्भर हैं। ऐसे में चिकित्सा शुल्क में अचानक कई गुना वृद्धि मरीजों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन रही है।

जिला परिषद सदस्य ने सौंपा पत्र

इस मामले को लेकर जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने टाटा स्टील के महाप्रबंधक (ओएमक्यू) देवाशीष जेना को पत्र सौंपकर बढ़ी हुई रजिस्ट्रेशन एवं चिकित्सकीय परामर्श फीस को वापस लेने तथा पूर्व निर्धारित दर लागू करने की मांग की।

पत्र में कहा गया कि अस्पताल में चिकित्सक से परामर्श लेने के शुल्क में लगभग छह से सात गुना तक वृद्धि किए जाने से सामान्य एवं गरीब मरीजों के लिए इलाज कराना मुश्किल हो रहा है। जनप्रतिनिधियों ने इसे जनहित से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुराने शुल्क को बहाल करने की मांग रखी।

देवाशीष जेना ने दिया राहत का आश्वासन

जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में टाटा स्टील के महाप्रबंधक देवाशीष जेना ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द टाटा मेन अस्पताल, नोवामुंडी में रजिस्ट्रेशन फीस पूर्व में ली जा रही दर के अनुसार निर्धारित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अस्पताल से प्राप्त राशि से टाटा स्टील कंपनी का संचालन नहीं होता है। अस्पताल से होने वाली आय को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में ही खर्च किया जाता है।

गरीब और ग्रामीण मरीजों को मिलेगी राहत

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि टाटा मेन अस्पताल क्षेत्र के ग्रामीण एवं आदिवासी आबादी के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। शुल्क में वृद्धि से सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर पड़ रहा था। ऐसे में पुराने रजिस्ट्रेशन शुल्क की बहाली से मरीजों को सीधी राहत मिलेगी।

टाटा मेन अस्पताल में मरीजों को बड़ी राहत, रजिस्ट्रेशन फीस जल्द होगी पुरानी दर पर !

बैठक में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से एचआर चंदन साहू मौजूद रहे। वहीं जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, उप प्रमुख ज्योति दास, किरीबुरू पश्चिमी पंचायत की मुखिया पार्वती किड़ो, मेघाहातुबुरु दक्षिणी पंचायत की मुखिया प्रफुल्लित ग्लोरिया तथा मेघाहातुबुरु उत्तरी पंचायत की मुखिया लिपि मुंडा उपस्थित थीं।

प्रबंधन के आश्वासन का स्वागत

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा पुराने रजिस्ट्रेशन शुल्क को बहाल करने के आश्वासन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व निर्धारित दर शीघ्र लागू होती है तो नोवामुंडी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से अस्पताल पहुंचने वाले गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment