गुवा संवाददाता।
ठाकुरा गांव में रविवार को गांव के दीउरी प्रधान चाम्पिया की अध्यक्षता में एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में गांव के वर्तमान मुंडा दामु चाम्पिया को Steel Authority of India Limited के गुवा सेल में नौकरी मिलने के मुद्दे पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। ग्रामीणों का कहना था कि गांव का मुंडा एक साथ दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर सकता। ऐसे में उन्हें गांव की पारंपरिक व्यवस्था अथवा नौकरी में से किसी एक को प्राथमिकता देनी होगी।

ग्राम सभा के दौरान इस विषय पर लंबी चर्चा हुई। बैठक में मुंडा दामु चाम्पिया को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने ग्राम सभा का बहिष्कार करते हुए बैठक में भाग नहीं लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव की परंपरा, सामाजिक व्यवस्था एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए नए ग्रामीण मुंडा के चयन पर विचार-विमर्श शुरू किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 17 मई, रविवार को खाश जामदा में सारंडा पीढ़ मानकी साजन चातोम्बा की अध्यक्षता में एक विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। इस सभा में नए मुंडा चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा तथा अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
ग्राम सभा में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से नए मुंडा पद के लिए बुधराम चाम्पिया, पिता स्वर्गीय मारकस चाम्पिया का नाम प्रस्तावित किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की परंपरा, सामाजिक एकता और आदिवासी स्वशासन व्यवस्था को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गांव का नेतृत्व ऐसे व्यक्ति के हाथ में होना चाहिए जो पूरी निष्ठा और समय के साथ ग्रामीणों के हितों के लिए कार्य कर सके।
ग्राम सभा में मुख्य रूप से प्रशांत चाम्पिया, बबलू चाम्पिया, मदन चाम्पिया, प्रधान चाम्पिया, मोरा चाम्पिया, मंगल चाम्पिया, सागर चाम्पिया, बुधराम चाम्पिया, मंगडू चाम्पिया, बंधन चाम्पिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।














