छह हाथियों का झुंड सड़क किनारे देखा गया, ग्रामीणों और राहगीरों में भय व्याप्त
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
बड़ाजामदा क्षेत्र के जंगलों में पिछले दो दिनों से जंगली हाथियों का झुंड लगातार भ्रमणशील बना हुआ है। हाथियों के मुख्य सड़क मार्ग के किनारे जंगलों में डेरा डालने से इलाके में दहशत का माहौल है। बुधवार 24 जून को बड़ाजामदा-नोवामुंडी मुख्य मार्ग से गुजर रहे कई राहगीरों ने सड़क किनारे जंगल में मौजूद हाथियों के झुंड को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक साथ लगभग छह हाथियों का झुंड देखा गया, जो सड़क के बेहद करीब विचरण कर रहा था। इससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। कई लोग कुछ देर तक रुककर स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे।

गांवों की ओर बढ़े तो हो सकता है बड़ा नुकसान
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह झुंड गांवों या शहरी बस्तियों की ओर बढ़ता है तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। खेतों में लगी फसल, मकान और पशुधन सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं।
पिछले महीनों में बढ़ा हाथियों का आक्रामक व्यवहार
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में हाथियों का व्यवहार काफी आक्रामक हुआ है। हाथियों के हमलों में अब तक करीब दो दर्जन से अधिक ग्रामीण अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं ने वन क्षेत्र से सटे गांवों के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
वन विभाग और प्रशासन से निगरानी की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी किया जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

सतर्क रहें, दूरी बनाए रखें
विशेषज्ञों और प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि हाथियों के झुंड के पास जाने, फोटो खींचने या उन्हें छेड़ने की कोशिश न करें। जंगली हाथी कभी भी उग्र हो सकते हैं। ऐसे में सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही सबसे बेहतर उपाय है।









