उभरते तीरंदाजों को मिलेगा बड़ा मंच
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
पश्चिमी सिंहभूम जिला तीरन्दाजी संघ और सेल, किरीबुरू प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में स्व. राधे सुम्बरूई एवं स्व. पूर्ण चंद्र बिरुवा स्मृति जिला स्तरीय तीरन्दाजी प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 8 जुलाई 2026 (बुधवार) को एकलव्य तीरन्दाजी प्रशिक्षण केंद्र, किरीबुरू में होगा। प्रतियोगिता सुबह 9:00 बजे से शुरू होगी।

छह आयु वर्ग के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
प्रतियोगिता में अंडर-10, अंडर-13, अंडर-15, सब-जूनियर (अंडर-18), जूनियर (अंडर-21) और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में तीरंदाजों के भाग लेने की संभावना है।
20 से 70 मीटर तक होगा मुकाबला
आयोजक के अनुसार अंडर-10 वर्ग के खिलाड़ी 20 मीटर, अंडर-13 के 30 मीटर, अंडर-15 वर्ग के खिलाड़ी 40 मीटर, जबकि सब जूनियर वर्ग के 60 मीटर और जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी 70 मीटर की दूरी से निशाना साधेंगे। सभी वर्गों में निर्धारित समय के भीतर 36 तीर चलाए जाएंगे और अधिकतम 360 अंक तय किए गए हैं।
भारतीय क्वालीफिकेशन प्रारूप पर होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय क्वालीफिकेशन इवेंट के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं जैसी प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा।
खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
जिला स्तरीय यह प्रतियोगिता प्रतिभाशाली तीरंदाजों की पहचान करने और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
सम्मानित अतिथियों को दिया गया आमंत्रण
पश्चिमी सिंहभूम जिला तीरन्दाजी संघ ने जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों को कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आमंत्रण दिया है।

तीरन्दाजी को मिलेगी नई उड़ान
संघ का मानना है कि इस प्रतियोगिता से जिले में तीरन्दाजी खेल को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।














