भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

दुबिल माइंस में उबाल: विधायक सोनाराम सिंकु पहुंचे आंदोलन स्थल, ग्रामीणों का अल्टीमेटम—”यह आर-पार की लड़ाई, मांगें नहीं मानीं तो सेल कार्यालय भी होगा बंद।

On: July 7, 2026 4:27 PM
Follow Us:
---Advertisement---

12वें दिन भी जारी रहा आंदोलन, विधायक ने सेल अधिकारियों से की बात; ग्रामीण बोले—लाल पानी ने जमीन बंजर कर दी, अब पीछे हटने का सवाल नहीं।

रिपोर्ट | शैलेश सिंह

आज दिनांक 07/07/2026 को मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सेल की चिरिया स्थित दुबिल माइंस में चल रहे आंदोलन के 12वें दिन जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु आंदोलन स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारी ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को जायज बताते हुए मौके से ही सेल के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर वार्ता की।

“यह आर-पार की लड़ाई है, अब पीछे नहीं हटेंगे”

आंदोलनकारियों ने विधायक के समक्ष दो टूक शब्दों में कहा कि “यह हमारी आर-पार की लड़ाई है।” ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया और जबरन आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया गया, तो वे सेंदरा अभियान चलाने को बाध्य होंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मांगें पूरी होने तक किसी भी कीमत पर आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

“लाल पानी ने छीनी खेती, भुखमरी के कगार पर पहुंचे ग्रामीण”

ग्रामीणों का आरोप है कि माइंस से निकलने वाले लाल पानी ने उनकी कृषि भूमि को बंजर बना दिया है, जिससे उनके सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उनका कहना है कि वर्तमान में माइंस का संचालन पूरी तरह ठप है और यदि जरूरत पड़ी तो वे सेल कार्यालय का भी घेराव कर उसे बंद कर देंगे।

“वार्ता होगी तो आंदोलन स्थल या गुवा में, चिरिया कार्यालय नहीं जाएंगे”

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि क्षेत्र में रोजगार की गंभीर समस्या के कारण ही नक्सलवाद जैसी चुनौतियां बढ़ी थी। वार्ता के सवाल पर आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि बातचीत केवल आंदोलन स्थल पर या फिर गुवा स्थित सीजीएम कार्यालय में ही होगी। चिरिया स्थित सेल कार्यालय में वे किसी भी परिस्थिति में वार्ता नहीं करेंगे।

विधायक ने अधिकारियों को किया फोन, कहा—ग्रामीणों की मांगों पर करें गंभीर पहल

विधायक सोनाराम सिंकु ने मौके से ही सेल के आला अधिकारियों से फोन पर बात कर ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है तथा सभी पहलुओं का मूल्यांकन करने के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।

12 दिनों से ठप उत्पादन, सेल और ठेकेदारों को भारी नुकसान

लगातार 12 दिनों से जारी आंदोलन के कारण दुबिल माइंस में उत्पादन और परिवहन पूरी तरह प्रभावित है, जिससे सेल तथा माइंस ठेकेदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले पर सेल का कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
मौके पर कांग्रेस मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष सीताराम गोप, नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, मनोहरपुर जिला परिषद सदस्य (भाग-1) जय प्रकाश महतो, मुखिया अजीत तिर्की, धनेश्वर महतो, कुलदीप काडुलना, सूरज चंपिया, मामूर अंसारी, दानिश हुसैन सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment