गुवा, संवाददाता।
गुवा के कुसुम घाट स्थित शिव मंदिर परिसर में मंगलवार को सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मां विपत्तारिणी की विधिवत पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, पति की दीर्घायु तथा समस्त संकटों से रक्षा की कामना करते हुए माता का पूजन किया।
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां विपत्तारिणी को प्रसाद अर्पित किया तथा मंदिर परिसर में लाल धागा बांधकर परिवार पर आने वाली विपत्तियों से रक्षा की प्रार्थना की। महिलाओं ने माता से अपने परिवार के सभी सदस्यों के स्वस्थ, सुखी एवं सुरक्षित रहने की मंगलकामना की।

पूजन के उपरांत मंदिर के पुजारी ने मां विपत्तारिणी की महिमा एवं कथा का श्रवण कराया, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सुना। इसके बाद सुहागिन महिलाओं ने एक-दूसरे की मांग में सिंदूर भरकर अखंड सौभाग्य और दांपत्य जीवन की खुशहाली की कामना की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां विपत्तारिणी की सच्चे मन से आराधना करने से जीवन के संकट दूर होते हैं तथा परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास बना रहता है।
इस अवसर पर गुवा एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाएं और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से गुंजायमान रहा।














