सेल कर्मियों, ठेका श्रमिकों व खदान श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा छात्रवृत्ति योजना का लाभ, अधिक से अधिक आवेदन कराने का लक्ष्य
रिपोर्ट : शैलेश सिंह |
कल्याण आयुक्त, रांची के निर्देशानुसार तथा कल्याण पदाधिकारी, बड़ाजामदा उदय शंकर कुमार की देखरेख में 27 जुलाई को प्रोजेक्ट सेंट्रल स्कूल, किरीबुरू में छात्रवृत्ति विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य सेल कर्मियों, ठेका श्रमिकों तथा विभिन्न विभागों में कार्यरत श्रमिकों के बच्चों को सरकार की छात्रवृत्ति योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाना है।

इन अधिकारियों का मिल रहा है सहयोग
इस विशेष कैंप के आयोजन में सेल किरीबुरू के महाप्रबंधक (पी एंड ए) अमित कुमार विश्वास, सहायक महाप्रबंधक गीता कुमारी, प्राचार्य सुधा सिंह, कल्याण विभाग के संजीव कुमार, रियाजुद्दीन एवं जतिन सहित अन्य अधिकारियों का सहयोग मिल रहा है।
सभी धर्म और समुदाय के बच्चों को मिलेगा समान लाभ
कल्याण पदाधिकारी उदय शंकर कुमार ने बताया कि यह योजना किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। सभी धर्म एवं समुदाय के पात्र बच्चों को समान रूप से छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सेल के सुपरवाइजर से नीचे श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों को भी इस योजना में शामिल किया गया है।
दस्तावेजों की रहेगी सरल व्यवस्था
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए श्रमिकों को अपने संस्थान का पहचान पत्र (आईडी कार्ड) तथा वेतन स्लिप प्रस्तुत करनी होगी। यदि किसी ठेका श्रमिक को वेतन स्लिप उपलब्ध नहीं है तो वह केवल अपना पहचान पत्र देकर भी आवेदन कर सकता है।
फंड की कोई कमी नहीं, हर पात्र बच्चे तक पहुंचे योजना
उदय शंकर कुमार ने कहा कि विभाग के पास छात्रवृत्ति योजना के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों का आवेदन कराकर उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ दिलाना है। उन्होंने सभी श्रमिकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस विशेष शिविर का लाभ अवश्य उठाएं।
अधिकारी के अनुसार छात्रवृत्ति का विवरण
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन श्रम कल्याण संगठन, रांची द्वारा बीड़ी, चूना पत्थर, डोलोमाइट, अभ्रक, लौह अयस्क, मैंगनीज एवं क्रोम खदान श्रमिकों के बच्चों के लिए वर्ष 2026-27 की छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे।
कक्षा अनुसार छात्रवृत्ति राशि
* कक्षा 1 से 4 : ₹1,000
* कक्षा 5 से 8 : ₹1,500
* कक्षा 9 : ₹2,000
* कक्षा 10 : ₹2,000
* कक्षा 11 एवं 12 : ₹3,000
* आईटीआई : ₹6,000
* पॉलिटेक्निक : ₹6,000
* डिग्री कोर्स : ₹6,000
* प्रोफेशनल डिग्री : ₹25,000
आवेदन की अंतिम तिथि
* कक्षा 1 से 10 तक : 31 अगस्त 2026
* कक्षा 11 से प्रोफेशनल डिग्री तक : 31 अक्टूबर 2026
पात्रता की प्रमुख शर्तें
अधिकारी के अनुसार संबंधित श्रमिक को कम से कम छह माह से कार्यरत होना चाहिए। बीड़ी श्रमिकों के लिए निर्धारित आय सीमा लागू है, जबकि खदान श्रमिकों के लिए अलग प्रावधान किए गए हैं। सुपरवाइजर से नीचे श्रेणी के पात्र कर्मियों के बच्चों को भी योजना का लाभ मिलेगा।
जरूरी दस्तावेज
* संस्थान का पहचान पत्र
* वेतन स्लिप (जहां लागू हो)
* पिछली कक्षा की अंकसूची
* आधार आधारित OTR (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) एवं ई-केवाईसी
* अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन

अधिक से अधिक लाभ दिलाने की अपील
कल्याण विभाग ने सभी पात्र श्रमिकों से अपील की है कि वे 27 जुलाई को प्रोजेक्ट सेंट्रल स्कूल, किरीबुरू में आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर अपने बच्चों का आवेदन पूरा कराएं, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।












