9 अगस्त को साप्ताहिक हाट मैदान में जुटेंगे आदिवासी समाज के लोग, संस्कृति, शिक्षा, रोजगार, नशामुक्ति और अंधविश्वास उन्मूलन जैसे मुद्दों पर होगी व्यापक चर्चा।
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
आगामी 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस (अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस) के अवसर पर छोटानागरा पंचायत के जामकुंडिया साप्ताहिक हाट बाजार प्रांगण में पंचायत क्षेत्र के आदिवासी समुदाय के लोग पूरे हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। इसे लेकर रविवार को जामकुंडिया गांव में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाजों को मिलेगा सम्मान
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम का आयोजन आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों के अनुरूप किया जाएगा। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा सामाजिक एकता का संदेश देने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समाज के ज्वलंत मुद्दों पर होगी चर्चा
बैठक में यह भी तय किया गया कि अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर शिक्षा, अंधविश्वास उन्मूलन, नशापान पर रोक, युवाओं के रोजगार, सामाजिक जागरूकता एवं आदिवासी संस्कृति और पहचान के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही समाज को संगठित एवं जागरूक बनाने का संदेश भी दिया जाएगा।
सफल आयोजन को लेकर बनाई गई रणनीति
बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा पंचायत क्षेत्र के सभी आदिवासी परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत, पहचान और अधिकारों के संरक्षण का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

बैठक में ये रहे मौजूद
इस बैठक में देवेंद्र देवगम, साधो देवगम, दियूरी बिक्रम देवगम, बुधराम देवगम, बासु देवगम (सभी जामकुंडिया गांव), जोजोगुटू गांव के मुंडा कानूराम देवगम, राजेश सांडिल, लालू चांपिया, गुरा चांपिया, मिथुन देवगम, डुका चांपिया, चेम्डे चांपिया, इंद्रो चांपिया (सभी जोजोगुट्टू) आदि ग्रामीण शामिल थे।













