पीएम श्री बालिका उच्च विद्यालय में लगा स्वास्थ्य शिविर, एनीमिया, ब्लड ग्रुप, नेत्र एवं दंत परीक्षण के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश
रिपोर्ट शैलेश सिंह
छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा द्वारा शनिवार को पीएम श्री उत्क्रमित 10+2 पीएम श्री गवर्नमेंट बालिका उच्च विद्यालय, चाईबासा में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं का एनीमिया (हीमोग्लोबिन), ब्लड ग्रुप, नेत्र एवं दंत परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

हर माह लगाए जाएंगे स्वास्थ्य शिविर : अमित पोद्दार
रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष रोटेरियन अमित पोद्दार ने कहा कि रोटरी क्लब समाज सेवा के अपने संकल्प के तहत प्रत्येक माह शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों में ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच से कई गंभीर बीमारियों की पहचान शुरुआती अवस्था में हो जाती है, जिससे समय रहते उचित उपचार संभव हो पाता है।
गुरमुख सिंह खोखर के नेतृत्व में सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन गुरमुख सिंह खोखर के नेतृत्व में पूरे शिविर का सफल संचालन किया गया। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, दंत एवं नेत्र परीक्षण की व्यवस्था की गई, ताकि छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच
शिविर में सदर अस्पताल, चाईबासा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से आए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने छात्राओं का हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण किया। वहीं प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. वीणा मुंधड़ा, डॉ. राशि मुंधड़ा एवं डॉ. आकांक्षा शर्मा ने छात्राओं के दांतों की जांच कर उन्हें दांतों की साफ-सफाई, नियमित ब्रश करने तथा मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मुंधड़ा हॉस्पिटल का विशेष सहयोग रहा।
संजीव नेत्रालय ने किया नेत्र परीक्षण
संजीव नेत्रालय, चाईबासा के चिकित्सकों द्वारा छात्राओं की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान जिन छात्राओं में दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई, उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं आगे के उपचार की सलाह भी दी गई।
108 छात्राओं की हुई जांच
स्वास्थ्य शिविर के दौरान कुल 108 छात्राओं का हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण, 101 छात्राओं का नेत्र परीक्षण तथा 95 छात्राओं का दंत परीक्षण किया गया। जांच के साथ-साथ छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
पुण्य स्मृति में किया शिविर का प्रायोजन
इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर का प्रायोजन रोटेरियन हीना ठक्कर ने अपने स्वर्गीय एन. के. ठक्कर की पुण्य स्मृति में किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा ही दिवंगत आत्माओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सहयोग जारी रहेगा।

कई रोटेरियन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष रोटेरियन अमित पोद्दार, सचिव रोटेरियन सौरव प्रसाद, संयुक्त सचिव रोटेरियन विनय लोधा, डॉ. वीणा मुंधड़ा, रोटेरियन गुरमुख सिंह खोखर, रोटेरियन हीना ठक्कर, रोटेरियन कविता शर्मा, रोटेरियन मदन लाल गुप्ता, रोटेरियन महेश कुमार खत्री, रोटेरियन प्रवीण पटेल, रोटेरियन रमेश चंद्र दत्तानी, रोटेरियन सुशील कुमार मुंधड़ा, रोटेरियन अनिल शर्मा, रोटेरियन सुशील चोमल सहित क्लब के अनेक सदस्य मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रबंधन, छात्राओं एवं अभिभावकों ने रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।














