गुवा संवाददाता:
पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा ने गुरुवार को गुवा क्षेत्र के हरजीहाटिंग, शक्तिनगर, सेवानगर, रामनगर, बिरसानगर और गुवासाईं गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और उनकी समस्याएं सुनीं।

शौचालय की समस्या प्रमुख मुद्दा
दौरे के दौरान स्थानीय महिलाओं ने शौचालय की गंभीर समस्या उठाते हुए बताया कि कई परिवार आज भी इस बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। इससे विशेषकर महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सड़क और पेयजल की समस्या भी उठी
ग्रामीणों ने जर्जर सड़कों, पेयजल संकट तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी की ओर भी पूर्व सांसद का ध्यान आकर्षित किया। उनका कहना था कि लंबे समय से इन समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

समाधान का दिलाया भरोसा
गीता कोड़ा ने ग्रामीणों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के समक्ष इन मुद्दों को उठाकर शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति उनकी प्राथमिकता है तथा जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए वे लगातार प्रयास करती रहेंगी।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर देवकी कुमारी, कानू लोहार, मिंटू पाठक, उदय सिंह, जय किशन गुप्ता, गोपाल, विशाल करवा, पीयूष साहू, कैलाश दास, संजीत टेंट, सागर दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।










