मनोहरपुर में हुई अहम बैठक, सभी पक्षों में बनी सहमति
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
सेल की चिड़िया खदान से मनोहरपुर रेलवे साइडिंग तक होने वाले लौह अयस्क परिवहन को लेकर उत्पन्न विवाद का समाधान आपसी वार्ता के बाद हो गया। बुधवार को मनोहरपुर में गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल, संतोष महतो, ट्रक ऑनर एसोसिएशन मनोहरपुर के पदाधिकारी विकाश राय, बबलू गोप सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में एक अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी पक्षों ने विस्तार से अपनी-अपनी बातें रखीं और अंततः आपसी सहमति बन गई।

एसोसिएशन के निर्देशानुसार होगी परिवहन व्यवस्था
बैठक के बाद मुखिया राजू सांडिल ने कहा कि अब चिड़िया खदान में वाहनों के संचालन और परिवहन से संबंधित व्यवस्था ट्रक ऑनर एसोसिएशन मनोहरपुर के निर्देशानुसार तय होगी। उन्होंने कहा कि वार्ता सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई और सभी पक्षों ने विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई।
सकारात्मक वार्ता के कारण नहीं हुआ चक्का जाम
राजू सांडिल ने बताया कि पहले 23 जुलाई को लौह अयस्क परिवहन रोकने की घोषणा की गई थी, लेकिन बैठक में सकारात्मक समाधान निकलने के कारण आंदोलन स्थगित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के टकराव की बजाय बातचीत के माध्यम से समाधान निकालना सभी के हित में है।
परिवहन कार्य सामान्य रूप से जारी
बैठक में सहमति बनने के बाद चिड़िया खदान से मनोहरपुर रेलवे साइडिंग तक लौह अयस्क का परिवहन सामान्य रूप से जारी रहा। इससे वाहन मालिकों, चालकों और परिवहन कार्य से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली।
सौहार्द बनाए रखने की अपील
बैठक में मौजूद सभी पक्षों ने भविष्य में भी किसी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखते हुए परिवहन व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने की अपील की गई।










