गंदगी से बढ़ रही परेशानी
गुवा संवाददाता।
बड़ाजामदा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह कचरा फेंके जाने से गंदगी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। मुख्य सड़क, बाजार की गलियां, स्कूलों के आसपास, खाली भूखंडों और विभिन्न मोहल्लों में खुलेआम कचरा फेंके जाने से वातावरण दूषित हो रहा है। इससे दुर्गंध फैलने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।

निरीक्षण में मिले कचरे के ढेर
स्थानीय प्रशासन के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर पाए गए। कहीं घरों के पास कचरा जमा किया गया था, तो कहीं सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों को ही कूड़ादान बना दिया गया था। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी और आसपास के लोगों को बदबू व गंदगी का सामना करना पड़ रहा है।
थाना प्रभारी की अपील
स्थिति पर चिंता जताते हुए बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर बड़ाजामदा का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे।
निर्धारित स्थान पर डालें कचरा
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि घरों का कचरा सड़क, नालियों या खुले स्थानों पर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर ही डालें। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्वच्छता अभियान में करें सहयोग
थाना प्रभारी ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जहां-तहां कचरा नहीं फेंकने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से बड़ाजामदा को साफ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है। साथ ही स्थानीय लोगों से प्रशासन का सहयोग कर क्षेत्र को गंदगी मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।














