चाईबासा को मिला नया कार्यपालक अभियंता, चक्रधरपुर नोवामुंडी व ग्रामीण विकास विशेष में भी हुए अहम बदलाव
रिपोर्ट : शैलेश सिंह |
ग्रामीण कार्य विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अभियंताओं का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। विभाग की अधिसूचना ज्ञापांक-2718, दिनांक 17 जुलाई 2026 के तहत कुल 118 अभियंताओं का तबादला एवं नई पदस्थापना की गई है।
आदेश के अनुसार ग्रामीण कार्य विभाग के 71 सहायक अभियंताओं, 19 कार्यपालक अभियंताओं तथा ग्रामीण विकास विशेष संगठन के 28 सहायक अभियंताओं का स्थानांतरण किया गया है। इस फेरबदल को विभाग का बड़ा प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है।

चाईबासा को मिला नया कार्यपालक अभियंता
स्थानांतरण आदेश के तहत ओम प्रकाश बड़ाईक को ग्रामीण कार्य प्रमंडल, चाईबासा का नया कार्यपालक अभियंता बनाया गया है। वहीं सुभाष मुडा को ग्रामीण कार्य अवर प्रमंडल, नोवामुंडी में सहायक अभियंता के पद पर पदस्थापित किया गया है।
ग्रामीण विकास विशेष में भी बदलाव
ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, चाईबासा में कार्यरत सहायक अभियंता रूपेंद्र कुमार का स्थानांतरण सरायकेला कर दिया गया है। वहीं अमृत चेरमाको को ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, चाईबासा में सहायक अभियंता के रूप में पदस्थापित किया गया है।
सेवानिवृत्ति के बाद रिक्त थे दोनों पद
चाईबासा ग्रामीण कार्य प्रमंडल के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता राधेश्याम मांझी के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद रिक्त था। तब तक चक्रधरपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता विशाल खलखो अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।
इसी तरह नोवामुंडी ग्रामीण कार्य अवर प्रमंडल में सहायक अभियंता संजय कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद भी खाली था, जिसे अब भर दिया गया है।
चाईबासा के साथ चक्रधरपुर को भी मिली मजबूती
स्थानांतरण एवं पदस्थापन आदेश के तहत नव प्रोन्नत सहायक अभियंता अशोक कुमार को ग्रामीण कार्य अवर प्रमंडल, चक्रधरपुर में सहायक अभियंता के पद पर पदस्थापित किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार उनकी पदस्थापना से चक्रधरपुर अवर प्रमंडल में तकनीकी कार्यों के निष्पादन एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को और गति मिलने की उम्मीद है।
प्रभार अवधि में विशाल खलखो की कार्यशैली की हुई सराहना
प्रभार के दौरान कार्यपालक अभियंता विशाल खलखो ने कार्यालय की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के साथ लंबित योजनाओं में तेजी लाने का कार्य किया। कार्यालय को सुव्यवस्थित करने, समय पर विपत्र तैयार कराने तथा संवेदकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता दी। विभागीय सूत्रों के अनुसार उनकी कार्यशैली से योजनाओं के निष्पादन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।

प्रमुख तबादले एक नजर में
* 118 अभियंताओं का स्थानांतरण एवं पदस्थापन
* 71 सहायक अभियंता (ग्रामीण कार्य) का तबादला
* 19 कार्यपालक अभियंताओं का स्थानांतरण
* 28 सहायक अभियंता (ग्रामीण विकास विशेष) का तबादला
# ओम प्रकाश बड़ाईक बने कार्यपालक अभियंता, चाईबासा
# सुभाष मुडा बने सहायक अभियंता, नोवामुंडी
# रूपेंद्र कुमार का तबादला सरायकेला
# अमृत चेरमाको की चाईबासा में पदस्थापना
# नव प्रोन्नत सहायक अभियंता अशोक कुमार को ग्रामीण कार्य अवर प्रमंडल, चक्रधरपुर में सहायक अभियंता के पद पर पदस्थापित किया गया।
“प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना और विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।”













