कारो नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में फंसे थे दोनों बच्चे, पिता ने बचाया लेकिन खुद डूब गए
रिपोर्ट : गुवा संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम ने अपने दो बेटों की जान बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गुवा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दामु हेंब्रम अपने दो बेटों के साथ ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चे अचानक नदी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। बेटों को संकट में देख दामु हेंब्रम बिना एक पल गंवाए नदी में कूद पड़े।

उन्होंने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बेटों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल दिया, लेकिन इस दौरान स्वयं गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। मामले की जांच भी की जा रही है।
दामु हेंब्रम की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे क्षेत्र में उनके साहसिक बलिदान की चर्चा हो रही है और लोग उन्हें एक समर्पित एवं साहसी पिता के रूप में याद कर रहे हैं।
बताया जाता है कि दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। उनके निधन से सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है।












