मलेरिया, डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए संथाल परिवारों के बीच मच्छरदानी वितरित, ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक।
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
सारंडा स्थित छोटानागरा गांव के टोला धरमरगुटू में रविवार को एसटी खेरवाड़ एभेन आखड़ा की ओर से मलेरिया, डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। संस्था के संस्थापक रमेश हांसदा के नेतृत्व में संथाल समाज के परिवारों के बीच मच्छरदानियों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा जलजमाव नहीं होने देने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि बरसात के मौसम में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में थोड़ी-सी सावधानी और जागरूकता से इन बीमारियों से बचाव संभव है।

संस्था के संस्थापक रमेश हांसदा ने कहा कि एसटी खेरवाड़ एभेन आखड़ा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से समाज के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता के प्रति लगातार प्रेरित करने का कार्य कर रही है। आगे भी ऐसे जनहित के कार्यक्रम जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव गोपाल टुडू, कोषाध्यक्ष सोमरा टुडू, नवीन हांसदा, मंगल मुर्मू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने संस्था की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।














