लगातार बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित
रिपोर्ट संदीप गुप्ता।
सारंडा क्षेत्र में पिछले 20 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने और नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि के कारण लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

बोकना पुल जलमग्न, गुवा-बड़ाजामदा मार्ग ठप
गुवा से बड़ाजामदा जाने वाले मुख्य मार्ग पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित बोकना पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजरने के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। लोगों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है।

गिरे विशाल पेड़ ने बढ़ाई परेशानी
स्थिति को और गंभीर बनाते हुए इसी मार्ग पर एक विशाल पेड़ भी गिर गया है, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। हालांकि गुवा और बड़ाजामदा के बीच आवाजाही के लिए हाथी चौक होकर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है, लेकिन बोकना पुल वाला मार्ग फिलहाल पूरी तरह बंद है।

कारो नदी उफान पर, बढ़ा खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण कारो नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी के उफान पर आने से नदी किनारे बसे लोगों की चिंता बढ़ गई है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
वन कार्यालय के सामने सड़क पर गिरा साल का विशाल पेड़
गुवा वन कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर एक विशाल साल का पेड़ गिर जाने से वहां भी यातायात बाधित हो गया है। सड़क बंद होने के कारण लोगों को गुवा बाजार आने-जाने के लिए दूसरे मार्ग का उपयोग करना पड़ रहा है।

जिला परिषद सदस्य ने जारी की चेतावनी
नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कारो नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कोई भी व्यक्ति नदी में स्नान करने या मछली पकड़ने के लिए न जाए। उन्होंने चेताया कि थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

प्रशासन की सलाह मानने की अपील
सुश्री देवकी कुमारी ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, जलमग्न पुलों और सड़कों को पार करने का प्रयास नहीं करने तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से बंद मार्गों को जल्द बहाल करने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।











