बारिश ने बढ़ाई लोगों की चिंता
रिपोर्ट शैलेश सिंह।
सारंडा और लोहांचल क्षेत्रों में पिछले 15 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बड़ाजामदा के मिडिल स्कूल और फुटबॉल मैदान क्षेत्र में जलभराव होने से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। लगातार बढ़ते पानी से स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।

घरों में घुसने लगा पानी, खतरा बढ़ा
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो हर वर्ष की तरह इस बार भी कई घर जलमग्न हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार कुछ घरों में पानी प्रवेश करना शुरू हो गया है, जिससे लोग सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए हैं।
प्रशासन से पहले सामाजिक कार्यकर्ता आए आगे
स्थिति को गंभीर होते देख स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। जेसीबी मशीन मंगाकर मिडिल स्कूल के समीप पुलिया और नालियों की सफाई का कार्य शुरू कराया गया है, ताकि जमा पानी की निकासी हो सके और लोगों के घरों में पानी घुसने से रोका जा सके।
सारंडा के कई गांव भी जलभराव की चपेट में
भारी बारिश का असर केवल बड़ाजामदा तक सीमित नहीं है। सारंडा के करमपदा, छोटानागरा, गंगदा समेत कई क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति बन गई है। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों में भय का माहौल है।

तत्काल कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं बचाव के उपाय किए जाएं। लोगों का कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।














