ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला था छात्र, कारों नदी में देर शाम तक चला खोज अभियान
गुवा संवाददाता।
गुवा थाना क्षेत्र में रविवार को 13 वर्षीय छात्र के लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। लापता छात्र गुवा स्थित डीएवी स्कूल में सातवीं कक्षा का विद्यार्थी है। वह फैब्रिकेशन निवासी साकेत पान का पुत्र बताया जा रहा है।
ट्यूशन जाने की बात कहकर निकला था घर से
जानकारी के अनुसार, छात्र रविवार दोपहर करीब तीन बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह गुवा के भट्टीसाई क्षेत्र में अपने दो दोस्तों के साथ खेलने लगा।

दोस्तों ने नदी जाने से किया मना
खेलने के दौरान छात्र ने दोनों दोस्तों से नदी की ओर चलने को कहा, लेकिन दोनों ने नदी जाने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद छात्र अकेले नदी की ओर चला गया। नदी किनारे पहुंचने के बाद उसने अपनी पैंट और चप्पल उतार दिए। दोनों दोस्तों ने उसे वापस आने के लिए कहा, लेकिन वह उनके साथ नहीं लौटा।
कुछ देर बाद मौके से हुआ गायब
कुछ देर बाद दोनों दोस्त वापस लौटने लगे। कुछ दूर जाने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो छात्र वहां दिखाई नहीं दिया। इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि छात्र नदी में चला गया होगा और डूब गया होगा।
ग्रामीणों ने शुरू किया खोज अभियान
करीब चार बजे दोनों दोस्तों ने बस्ती पहुंचकर स्थानीय लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और छात्र की तलाश शुरू कर दी। बाद में प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ कारों नदी में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई पता नहीं चल सका।
लगातार बारिश से उफान पर है नदी
लगातार हो रही बारिश के कारण कारों नदी इस समय उफान पर है। तेज बहाव के चलते नदी में खोज अभियान चलाना भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से बारिश के दौरान नदी में नहाने अथवा मछली पकड़ने के लिए नदी में नहीं जाने की अपील की है।
सोमवार सुबह फिर चलेगा तलाशी अभियान
गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि नदी में काफी खोजबीन की गई, लेकिन बच्चे का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सोमवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
घटना के बाद छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी बच्चे के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में लगातार नदी किनारे नजर बनाए हुए हैं।























