भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

तीन दिन बाद कारो नदी के बीच चट्टान में फंसा छात्र का शव बरामद

On: August 18, 2026 4:46 PM
Follow Us:
तीन दिन बाद कारो नदी के बीच चट्टान में फंसा छात्र का शव बरामद
---Advertisement---

नुईया गांव में पसरा मातम, उफनती कारो नदी में लगातार खोजबीन के बाद मिला शव

गुवा संवाददाता गुवा थाना क्षेत्र से रविवार को लापता हुए 13 वर्षीय छात्र पवन कुमार पान का शव मंगलवार को तीन दिन बाद नुईया गांव स्थित कारो नदी के बीच एक चट्टान के पास फंसा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छात्र के नदी में डूबने की आशंका के बाद सोमवार से ही गुवा पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी। मंगलवार को तलाशी के दौरान नदी के बीच चट्टान के पास पवन का शव फंसा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर शव को नदी से बाहर निकाला।

उफनती नदी में खोजबीन बनी चुनौती

घटना की सूचना मिलते ही गुवा पुलिस की टीम नुईया गांव स्थित कारो नदी के तट पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कारो नदी उफान पर है। तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के बीच शव की तलाश करना पुलिस और ग्रामीणों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

ट्यूशन जाने की बात कहकर निकला था छात्र

बताया जाता है कि पवन कुमार पान गुवा स्थित डीएवी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। वह फैब्रिकेशन निवासी साकेत पान का पुत्र था। रविवार दोपहर करीब तीन बजे पवन ट्यूशन जाने की बात कहकर स्कूल बैग लेकर घर से निकला था।

इसके बाद वह भट्टीसाई क्षेत्र में अपने दो दोस्तों के साथ खेलने लगा। खेल के दौरान पवन ने दोनों दोस्तों से नदी की ओर चलने को कहा, लेकिन दोनों ने नदी की तरफ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पवन अकेले ही नदी की ओर चला गया।

नदी किनारे पहुंचने के बाद उसने अपनी पैंट और चप्पल उतार दी। दोस्तों ने उसे वापस आने के लिए कहा, लेकिन वह उनके साथ नहीं लौटा। कुछ देर बाद दोनों दोस्त वहां से वापस बस्ती की ओर जाने लगे। पीछे मुड़कर देखने पर पवन वहां दिखाई नहीं दिया। इसके बाद दोनों दोस्तों ने बस्ती पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

तीन दिन बाद कारो नदी के बीच चट्टान में फंसा छात्र का शव बरामद

तीन दिन तक चला खोज अभियान

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने नदी के आसपास लगातार खोजबीन शुरू की। सोमवार और मंगलवार को भी उफनती कारो नदी में छात्र की तलाश जारी रही। मंगलवार को नदी के बीच चट्टान के पास शव फंसा मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

लगातार बारिश और कारो नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को उफनती नदियों और तेज बहाव वाले जलस्रोतों में नहाने, मछली पकड़ने या किसी अन्य कारण से जाने से बचने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों को नदी और जलभराव वाले खतरनाक स्थानों से दूर रखने की अपील की गई है।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment