दो लोग घायल, अस्पताल में कराया गया इलाज; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
बड़ाजामदा। बड़ाजामदा में पार्किंग और अन्य विवाद को लेकर शनिवार को दो गुटों के बीच अचानक मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची
मारपीट की सूचना मिलते ही बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की सक्रियता के बाद फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि इलाके में तनाव का माहौल पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
मकान के सामने पार्किंग को लेकर विवाद
घटना के संबंध में बताया गया कि बड़ाजामदा निवासी दीपू सिंह के मकान में कुछ लोग किराये पर रह रहे थे। मकान के ठीक सामने स्थित हरिया की ईंट फैक्ट्री की जमीन पर किरायेदारों द्वारा अपने वाहन पार्क किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी बात को लेकर ईंट फैक्ट्री मालिक, और दीपू सिंह के किरायेदारों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
पुराने विवाद से भी जुड़ा होने की चर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद केवल पार्किंग तक सीमित नहीं था। बताया जा रहा है कि पिछले दो-तीन दिनों से किसी अन्य मामले को लेकर भी विवाद चल रहा था। शनिवार को मामला उस समय और बढ़ गया, जब दीपू सिंह के किरायेदार द्वारा अपने कुछ साथियों को बाहर से बुलाए जाने की बात सामने आई।
अचानक भिड़े दोनों गुट
बाहर से लोगों के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट में तब्दील हो गया। अचानक हुई मारपीट में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल स्थिति सामान्य है।

तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क
घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और विवाद के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।












