8 सितंबर को सीएम हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं के पहुंचने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
रिपोर्ट : शैलेश सिंह/संदीप गुप्ता
गुवा। 8 सितंबर को होने वाले गुवा शहीद दिवस को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को अधिकारियों की टीम ने गुवा शहीद स्थल, हेलीपैड, सेल फुटबॉल मैदान स्थित सभा स्थल तथा लोहार बस्ती और हिरजीहाटिंग में प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए भोजन व्यवस्था से जुड़े स्थानों का भी जायजा लिया गया।
संभावित भीड़ और वीआईपी आगमन को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और सभा स्थल की व्यवस्थाओं पर जानकारी ली। हेलीपैड का निरीक्षण भी संभावित हेलीकॉप्टर आगमन के मद्देनजर किया गया।

सीएम समेत कई नेताओं के आने की संभावना
गुवा शहीद दिवस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इनमें से किसी के कार्यक्रम में शामिल होने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण में एसडीओ अरुण उरांव, बीडीओ पप्पू रजक, किरीबुरू एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो, मनोहरपुर एसडीपीओ डेविड डोडराय, किरीबुरू इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह और बड़ाजामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव सहित पुलिस जवान मौजूद रहे।
प्रशासन का फोकस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और बाहर से आने वाले लोगों की सुविधा को सुचारू रखने पर है। कार्यक्रम से पहले इन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है।














