पुराना एसी तोड़कर तांबा निकालते रंगेहाथ पकड़ा गया था; तीन साथी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू। किरीबुरू शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब्दुल रेफ्रिजरेटर दुकान के बाहर से पुराना एसी मशीन चोरी कर पास के जंगल में उसे तोड़कर अंदर से तांबे के तार एवं अन्य सामान निकाल रहे एक नाबालिग आरोपी रंगेहाथ पकड़ा गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

जंगल में एसी तोड़कर निकाल रहे थे तांबा
बताया जाता है कि चोरों ने दुकान के बाहर रखा पुराना एसी मशीन उठाकर पास के जंगल में पहुंचाया था। वहां एसी को तोड़कर उसके अंदर से तांबे के तार समेत अन्य कीमती सामग्री निकालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया था।
पूछताछ में सामने आए कई नाम!
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने शहर में चोरी की घटनाओं से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस इन नामों और मिली जानकारी का सत्यापन कर रही है। सत्यापन के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
तीन फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अब चोरी की इस घटना को अलग-थलग मामला मानने के बजाय शहर में सक्रिय चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुराने हिस्ट्रीशीटरों को थाने में बुलाकर सख्त चेतावनी
दूसरी ओर, किरीबुरू के एसडीपीओ विनीत किंडो ने थाना प्रभारी रोहित कुमार के सहयोग से शहर के पुराने हिस्ट्रीशीटरों को थाना बुलाकर सख्त हिदायत दी है। पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा कि अपराध की गतिविधियों से पूरी तरह दूरी बनाएं और अपने-अपने क्षेत्रों में छोटे-बड़े अपराध में शामिल लोगों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं।
मेन मार्केट से मुर्गापाड़ा तक बढ़ी निगरानी
पुलिस के अनुसार, मेन मार्केट हाटिंग, प्रोस्पेक्टिंग, चर्च हाटिंग और मुर्गापाड़ा सहित शहर के विभिन्न इलाकों में चोरी की घटनाओं को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है। स्थानीय स्तर पर इन क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में नाबालिगों के शामिल होने की बातें भी सामने आ रही हैं।

नाबालिगों के पीछे कौन? अभिभावकों पर भी नजर
पुलिस अब नाबालिगों के अपराध में शामिल होने के पीछे की परिस्थितियों और उन्हें संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई अभिभावक अपने बच्चे के देर रात घर से बाहर रहने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी होने के बावजूद उसे रोकने के बजाय संरक्षण देता है, तो उसकी भूमिका की भी जांच की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके बच्चे चोरी या अन्य अपराधों में संलिप्त हैं, तो समय रहते इसकी जानकारी पुलिस को दें, ताकि उन्हें अपराध की राह से हटाकर सुधारने की दिशा में कार्रवाई की जा सके।
चोरी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का एक्शन प्लान
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर किरीबुरू पुलिस अब सक्रिय अपराधियों, पुराने हिस्ट्रीशीटरों और नाबालिगों के जरिए होने वाली चोरी की घटनाओं पर विशेष नजर रखने की तैयारी में है। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय संदिग्ध तत्वों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।












