पहले बिजली की तार काटकर किया अंधेरा, फिर बेखौफ होकर वारदात को दिया अंजाम
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
मेघाहातुबुरु। सेल मेघाहातुबुरु खदान क्षेत्र में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं ने सेल कर्मियों और स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात चोरों ने 9 और 10 सितंबर की मध्य रात्रि सामुदायिक भवन (क्लब) तथा उसके बगल में स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम का ताला तोड़ हजारों रुपये मूल्य के सामानों की चोरी कर फरार हो गए।

अंधेरा कर चोरों ने बनाई वारदात की योजना
बताया जा रहा है कि चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले चोरों ने सामुदायिक भवन के बाहर लगे दो बिजली खंभों की लाइट की तार को नीचे से काट दिया, जिससे पूरे परिसर में अंधेरा छा गया। अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने बेखौफ तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य गेट के बगल वाले दरवाजे का ताला तोड़ क्लब में घुसे
चोरों ने क्लब के मुख्य गेट के बगल में स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अंदर के दो-तीन दरवाजों को खोलते हुए स्टोर रूम तक पहुंच बनाई।

साउंड सिस्टम और हैलोजन लाइट पर हाथ साफ
स्टोर रूम में रखे साउंड सिस्टम से जुड़े कई कीमती उपकरण चोर अपने साथ ले गए। चोरी गए सामानों में मिक्सचर मशीन, एम्पलीफायर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक मशीनें तथा तीन हैलोजन लाइट शामिल हैं। चोरी गए सामानों की कुल कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।

केबल टीवी कंट्रोल रूम भी बना निशाना
क्लब में चोरी करने के बाद चोरों ने उसके बगल में स्थित केबल टीवी कंट्रोल रूम को भी निशाना बनाया। वहां का ताला तोड़कर चोरों ने केबल तार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी कर ली और फरार हो गए।

सीसीटीवी कैमरों के बावजूद चोर बेखौफ
सबसे बड़ी बात यह है कि क्लब परिसर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस अब कैमरों में कैद संदिग्धों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। एक ही रात दो स्थानों पर हुई चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
कुछ ही दिनों में कई जगहों पर हो चुकी है चोरी
मेघाहातुबुरु क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मार्केट स्थित शराब दुकान, उसके दोनों किनारों पर स्थित दुकानों, प्रोस्पेक्टिंग क्षेत्र की एक दुकान तथा सेल मेघाहातुबुरु के मेंटेनेंस ऑफिस का ताला तोड़कर चोर सामानों की चोरी कर चुके हैं।

कैमरे में कैद होने के बाद भी गिरफ्त से दूर चोर
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की कुछ घटनाओं में संदिग्ध चोर सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हुए हैं, लेकिन अब तक चोरों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजने में सफलता नहीं मिल पाई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

सेलकर्मी और आम नागरिकों में दहशत
चोरी की निरंतर बढ़ती घटनाओं से सेल कर्मियों, दुकानदारों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से रोक नहीं लगाई गई और चोरों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो अपराधियों के हौसले और अधिक बुलंद हो सकते हैं।
अब लोगों की नजर पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज पर टिकी है। सवाल यह है कि आखिर लगातार ताले तोड़कर चोरी करने वाले ये बेखौफ चोर कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे?













