भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

मनोहरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूटकांड का खुलासा, गोलीकांड के दोनों आरोपी दबोचे

On: September 14, 2026 5:26 PM
Follow Us:
मनोहरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूटकांड का खुलासा, गोलीकांड के दोनों आरोपी दबोचे
---Advertisement---

घटना के चंद घंटों में पुलिस ने दिखाई मुस्तैदी, घायल लुटेरे की निशानदेही पर हथियार बरामद; दूसरा आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार

रिपोर्ट शैलेश सिंह 

मनोहरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिमेरता में बर्तन फेरी करने वाले लोगों के साथ हुई लूटपाट और गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 7.65 एमएम पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा राउंड और एक खाली खोखा बरामद किया गया है।

मनोहरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूटकांड का खुलासा, गोलीकांड के दोनों आरोपी दबोचे

घर में घुसते ही पिस्टल तानी, दी जान से मारने की धमकी

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे सिमेरता गांव में बर्तन फेरी कर आजीविका चलाने वाले तीन लोग खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दो अपराधी पिस्टल लेकर उनके घर में घुस गए। दोनों ने हथियार का भय दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और करीब 20 से 25 हजार रुपये लूट लिए।

भागते अपराधियों का किया पीछा, हिम्मत दिखाकर पकड़ने की कोशिश

लूटपाट के बाद दोनों अपराधी घर से बाहर निकलकर भागने लगे। इसी दौरान पीड़ितों ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और एक अपराधी को पकड़ने का प्रयास किया।

विरोध पर अपराधी ने चला दी गोली

पुलिस के मुताबिक, अपराधी ने पीछा कर रहे लोगों पर पिस्टल से गोली चला दी। गोली सुरोजित दास के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। गोली चलाने के बाद अपराधी तेजी से भागने लगा, लेकिन अंधेरे में गिरने के कारण उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। भागने में असमर्थ होने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घायल अपराधी की पहचान से खुला पूरा राज

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान जशवंत महतो उर्फ छोटू (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुदर्शन महतो, निवासी धानापाली, थाना मनोहरपुर के रूप में की। इलाज के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पूरे लूटकांड में शामिल दूसरे आरोपी का नाम सामने आया।

रेकी के बाद बनाई थी लूट की योजना

पूछताछ में जशवंत ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी अजय गोप उर्फ कालू (19 वर्ष) के साथ मिलकर पहले से रेकी की थी। दोनों ने 12 सितंबर को शराब पी और रात में योजनाबद्ध तरीके से सिमेरता में बर्तन फेरी करने वालों के घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

दूसरा आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार

जशवंत से मिली जानकारी के आधार पर विशेष छापामारी दल ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के सहयोग से दूसरे आरोपी अजय गोप उर्फ कालू, पिता सुरेश गोप, निवासी कोपसिंगा, डुंगरी टोला, थाना बिसरा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

लूट की रकम का अब तक नहीं मिला सुराग

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद पकड़े जाने के डर से लूटी गई रकम को अंधेरे में कहीं फेंककर दोनों भाग गए थे। पुलिस लूटी गई रकम की बरामदगी को लेकर भी जांच कर रही है।

अंधेरे में फेंका हथियार, पुलिस ने बरामद किया

पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने भागने के दौरान घटना में इस्तेमाल हथियार को अंधेरे में फेंक दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 7.65 एमएम पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा राउंड और एक खाली खोखा बरामद किया है।

जशवंत का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

गिरफ्तार जशवंत महतो उर्फ छोटू के विरुद्ध जलडेगा थाना, सिमडेगा में कांड संख्या 23/2026, दिनांक 02 अप्रैल 2026, धारा 308(4)/308(5) भारतीय न्याय संहिता-2023 के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

मनोहरपुर थाना में दर्ज हुआ मामला

इस मामले में मनोहरपुर थाना कांड संख्या 36/2026, दिनांक 13 सितंबर 2026 के तहत धारा 309(6)/311/109(1)/351 भारतीय न्याय संहिता एवं 25(1-B)(a)/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

दोनों आरोपियों को भेजा जा रहा न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों—
1. जशवंत महतो उर्फ छोटू (25 वर्ष), निवासी धानापाली, मनोहरपुर।
2. अजय गोप उर्फ कालू (19 वर्ष), निवासी कोपसिंगा, डुंगरी टोला, थाना बिसरा, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा।
को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इन पुलिस पदाधिकारियों की रही अहम भूमिका

विशेष छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोहरपुर डेविड ए. डोडराय, पुलिस निरीक्षक अनित रोशन कुल्लू, थाना प्रभारी पु०अ०नि० अम्मीएल एक्का, पु०अ०नि० सुधीर कुमार, स०अ०नि० नवकिशोर कुदादा, आरक्षी 1115 सैकलोन खाखा तथा चालक आरक्षी 372 नील कुमार महतो शामिल रहे।

पुलिस की आम लोगों से अपील

चाईबासा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, डायल 112 अथवा पुलिस कंट्रोल के मोबाइल नंबर 9508243546 पर सूचना दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment