भ्रष्टाचार नक्सल खदान अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम
---Advertisement---

जमीन विवाद में मां-बेटी की नृशंस हत्या, शव जलाकर गुफा में दफनाया; सात आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

मंझारी के बड़ा तोरलो गांव की दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने किया खुलासा

दावबुरु पहाड़ की गुफा से बरामद हुईं मां-बेटी की जली हुई हड्डियां, जमीन विवाद बना हत्या की साजिश की वजह

रिपोर्ट : शैलेश सिंह

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मां-बेटी की निर्मम हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि साजिश के तहत दोनों की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उनके शवों को जंगल के पहाड़ पर स्थित एक गुफा में ले जाकर लकड़ियों और झाड़ियों के बीच डीजल छिड़ककर जला दिया गया। इसके बाद जले हुए अवशेषों को उसी गुफा में दफना दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दावबुरु पहाड़ की गुफा से दोनों महिलाओं के जले हुए शवों के अवशेष और हड्डियां बरामद की हैं।

घर से अचानक गायब हुई थीं मां-बेटी

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को मंझारी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बड़ा तोरलो गांव के टोपासाई टोला निवासी 68 वर्षीय कुनी कुई, पति स्वर्गीय रासिका बिरुवा और उनकी 27 वर्षीय बेटी नामसी बिरुवा घर से गायब हैं। सूचना में आशंका जताई गई कि जमीन विवाद को लेकर परिवार और गांव-टोले के कुछ लोगों ने षड्यंत्रपूर्वक दोनों की हत्या कर दी है तथा साक्ष्य छिपाने के लिए शवों को तोरलो जंगल में जला कर दफना दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंझारी थाना प्रभारी दिलीप साय मांझी के स्वयं के फर्दबयान पर मंझारी थाना कांड संख्या 59/26, दिनांक 27.10.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2), 238(b) एवं 61(2) में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

पुलिस की विशेष टीम ने खोली हत्या की परतें

दो महिलाओं के रहस्यमय ढंग से गायब होने और संभावित सामूहिक हत्या की सूचना को पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा ने गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर विशेष छापामारी एवं अनुसंधान टीम गठित की गई।

टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई। पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

दावबुरु पहाड़ की गुफा में छिपाया था साक्ष्य

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त मंझारी अंचलाधिकारी और रांची से पहुंची एफएसएल टीम की मौजूदगी में तोरलो जंगल स्थित दावबुरु पहाड़ की गुफा में तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान गुफा के अंदर दफन किए गए जले हुए शवों के अवशेष एवं हड्डियां बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, ये अवशेष कुनी कुई और उनकी बेटी नामसी बिरुवा के हैं।

इस बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस अब वैज्ञानिक जांच एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ा रही है।

पारिवारिक रिश्तों की उलझन से शुरू हुआ विवाद!

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश की बात सामने आई है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुनी कुई ने पहली शादी के बाद स्वर्गीय रासिका बिरुवा से दूसरी शादी की थी। पहले पति से उनका बेटा त्रिभुवन बिरुवा बताया गया है।

रासिका बिरुवा की मृत्यु के बाद से ही त्रिभुवन द्वारा अपनी मां कुनी कुई और सौतेली बहन नामसी बिरुवा को घर से भगाने के लिए परेशान किए जाने की बात अनुसंधान में सामने आई है।

इसके अलावा, जून-जुलाई 2026 में खेत की आड़ काटने को लेकर कुनी कुई और यदुनाथ बिरुवा उर्फ यादु के बीच भी विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, इसी जमीन संबंधी विवाद और पारिवारिक रंजिश ने कथित तौर पर हत्या की साजिश का रूप ले लिया।

13 अक्टूबर को हत्या, जंगल की गुफा में जलाए गए शव!

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को शाम करीब सात बजे कुनी कुई और उनकी बेटी नामसी बिरुवा की हत्या की गई। पुलिस का आरोप है कि इस वारदात में त्रिभुवन बिरुवा की भूमिका सामने आई है। उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर दोनों की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।

इसके बाद दोनों के शवों को कंधे पर ढोकर मोटकलाई गांव के दावबुरु पहाड़ स्थित गुफा तक ले जाया गया। वहां लकड़ियों और झाड़ियों के बीच डीजल छिड़ककर शवों को जला दिया गया। फिर जले हुए अवशेषों को गुफा के भीतर ही दफना दिया गया, ताकि घटना का कोई सुराग नहीं मिल सके।

सात आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड में निम्नलिखित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  1. यदुनाथ बिरुवा उर्फ यादु (31 वर्ष), पिता मोटका बिरुवा, बड़ा तोरलो, मोटकसाई।
  2. लादुरा बिरुवा (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोटका बिरुवा, बड़ा तोरलो, मोटकसाई।
  3. राजाराम बिरुवा (34 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोटका बिरुवा, बड़ा तोरलो, मोटकसाई।
  4. चेदरे बिरुवा उर्फ चंद्र बिरुवा, पिता स्वर्गीय मोटका बिरुवा, बड़ा तोरलो, मोटकसाई।
  5. महती बिरुवा (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय कांडे बिरुवा, बड़ा तोरलो, भादुसाई।
  6. दुई कोंडाकेल उर्फ लखन कोंडाकेल (32 वर्ष), पिता चेंगो कोंडाकेल, बड़ा तोरलो, भादुसाई।
  7. त्रिभुवन बिरुवा (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय पुस्तम बिरुवा, टोपासाई।

सभी आरोपी मंझारी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने सभी को 29 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

छापामारी दल में ये अधिकारी थे शामिल

इस हत्याकांड के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित छापामारी दल में शामिल थे—

  • बहामन टुटी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, चाईबासा।
  • दिलीप साय मांझी, थाना प्रभारी, मंझारी।
  • जितेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक एवं अनुसंधानकर्ता, मंझारी थाना।
  • मंझारी थाना के सशस्त्र बल के जवान।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की आम लोगों से अपील: चाईबासा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

सारंडा के जंगल में मौत का जाल! बहदा गांव के पास मिले दो शक्तिशाली आईईडी लैंडमाइन, सीआरपीएफ और पुलिस ने किया निष्क्रिय

महंगी कार से आते थे चोरी करने, ताकि किसी को न हो शक! किरीबुरु पुलिस ने हाईटेक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

मनोहरपुर में खाकी के साये में गो-तस्करी और अवैध कारोबार का साम्राज्य!

गरीबी ने छीनी बचपन की पढ़ाई, कंपनी की लापरवाही ने छीन ली 17 वर्षीय तुलसी की जिंदगी!

जगन्नाथपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: सो रही पत्नी की लोहे की गैता से हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

गुवा में मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, 35 मोबाइल और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद

Leave a Comment

error: Content is protected !!