पुलिस की छापेमारी में मिली सफलता, घर के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखे थे चोरी के सामान; गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी के मामले में जा चुका है जेल
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
किरीबुरू। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा रेलवे मार्केट स्थित सुभाष मोबाइल स्टोर में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए 35 मोबाइल फोन और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान शक्तिनगर निवासी करन गोप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है।

दुकान का ताला तोड़कर चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुवा थाना क्षेत्र के उपर धौड़ा निवासी सुभाष कुमार सिंह (51 वर्ष), पिता स्वर्गीय बलराम सिंह, ने पुलिस को सूचना दी थी कि 26 अक्टूबर 2026 की रात गुवा रेलवे मार्केट स्थित उनकी मोबाइल दुकान से अज्ञात चोरों ने सामान चोरी कर लिया है। चोरी हुए सामान में मरम्मत के लिए रखे गए 35 मोबाइल फोन और दो ब्लूटूथ स्पीकर शामिल थे।
लिखित आवेदन के आधार पर गुवा थाना में कांड संख्या 30/2026, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 331(4)/305(ए) के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में बनी छापेमारी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कांड के उद्भेदन के लिए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शक्तिनगर निवासी करन गोप ने कथित रूप से दुकान में चोरी की है और चोरी का सामान अपने घर के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने 28 अक्टूबर 2026 को शक्तिनगर में छापेमारी की और संदिग्ध युवक से पूछताछ की।
घर के पीछे झाड़ियों से बरामद हुए मोबाइल और स्पीकर
पुलिस के अनुसार, करन गोप की निशानदेही पर उसके घर के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए चोरी के सामान बरामद किए गए। इनमें मरम्मत के लिए रखे गए 35 मोबाइल फोन और दो ब्लूटूथ स्पीकर शामिल हैं।
पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गिरफ्तारी की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए करन गोप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पहले भी चोरी के मामले में जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी करन गोप का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध गुवा थाना (पूर्व बड़ाजामदा ओपी) कांड संख्या 27/2025, दिनांक 11 जून 2025 को बीएनएस की धारा 305(ए)/331(1) के तहत चोरी से संबंधित मामला दर्ज रहा है। पुलिस के मुताबिक, वह इस मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत कुमार किंडो, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विनोद बेक, सहायक अवर निरीक्षक गणेश शंकर गौड़ तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ है और चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है।










