भ्रष्टाचार नक्सल खदान अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम
---Advertisement---

आंधी-बारिश का कहर: किरीबुरू-मेघाहातुबुरु में बिजली गुल, सारंडा में जगह-जगह पेड़ गिरे

---Advertisement---

नोवामुंडी ग्रिड और बोकना के पास इंसुलेटर में खराबी

रिपोर्ट शैलेश सिंह 

किरीबुरू। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा और तेज हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी के कारण सेल नगरी किरीबुरू और मेघाहातुबुरु में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बिजली विभाग की टीम खराबी दूर करने में जुटी हुई है।

दो स्थानों पर इंसुलेटर पंचर अथवा टूटने की समस्या

सेल के विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नोवामुंडी ग्रिड तथा बोकना के समीप विद्युत लाइन में दो स्थानों पर इंसुलेटर पंचर अथवा टूटने की वजह से किरीबुरू और मेघाहातुबुरु की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। दोनों स्थानों पर तकनीकी टीम द्वारा मरम्मत कार्य किया जा रहा है।

जय गुरु आश्रम के पास पेड़ की डाली भी बनी बाधा

वहीं, किरीबुरू स्थित जय गुरु आश्रम के समीप विद्युत लाइन पर पेड़ की डाली गिरने से भी विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई थी। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर डाली को हटाकर इस समस्या का समाधान कर दिया है।

तेज हवा और बारिश के बीच मरम्मत कार्य जारी

अधिकारियों ने बताया कि नोवामुंडी ग्रिड और बोकना के समीप इंसुलेटर की मरम्मत का काम जारी है। लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण विद्युतकर्मियों को काम करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद टीम जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुटी है।

दोपहर एक बजे तक बिजली बहाल होने की उम्मीद

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यदि मौसम ने साथ दिया तो शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे तक किरीबुरू और मेघाहातुबुरु में विद्युत आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। बिजली गुल रहने से दोनों सेल नगरियों में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सारंडा के जंगलों में दर्जनों पेड़ धराशायी

दूसरी ओर, तूफान अर्नब के प्रभाव से सारंडा के विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवा और लगातार बारिश के कारण दर्जनों पेड़ गिर गए हैं। कई स्थानों पर सड़क मार्ग बाधित होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

थोलकोबाद घूमने गए पर्यटक घंटों फंसे

24 सितंबर की देर शाम सारंडा के थोलकोबाद घूमने गए बाहरी पर्यटक भी पेड़ गिरने की वजह से परेशानी में फंस गए। जुम्बईबुरु और करमपदा के समीप दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क के बीच पेड़ गिर जाने से पर्यटकों का वाहन घंटों तक आगे नहीं बढ़ सका।

वन विभाग की टीम ने पेड़ काटकर रास्ता कराया साफ

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सड़क के बीच गिरे पेड़ों को काटकर हटाया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका और पर्यटक वापस लौट पाए।

लगातार बारिश से बढ़ी परेशानी

सारंडा के विभिन्न हिस्सों में अभी भी भारी वर्षा जारी है। तेज हवाओं के साथ लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई जगह पेड़ों के गिरने तथा विद्युत लाइनों के प्रभावित होने से सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment