5.67 लाख रुपये की होगी पुरस्कार राशि, 10, 7 और 5 किलोमीटर की दौड़ में दमखम दिखाएंगे धावक
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
नोआमुंडी, 13 नवंबर। खेल, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर एक बार फिर नोआमुंडी की धरती पर देशभर के धावक अपनी रफ्तार और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। टाटा स्टील की ओर माइंस एंड क्वेरीज (ओएमक्यू) डिवीजन द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित नोआमुंडी रन-ए-थॉन के छठे संस्करण का आयोजन आगामी 22 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दौड़ का शुभारंभ नोआमुंडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगा।
इस वर्ष आयोजन की थीम ‘हरित एवं बेहतर कल के लिए दौड़ें’ (Run for a Greener Tomorrow) रखी गई है। इसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, हरियाली और स्वच्छ भविष्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा।

जर्सी अनावरण के साथ आयोजन का आगाज
रन-ए-थॉन के छठे संस्करण की औपचारिक घोषणा के अवसर पर टाटा स्टील के ओएमक्यू डिवीजन के महाप्रबंधक देबाशीष जेना ने कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजन की आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने आयोजन के महत्व और खेलों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में डी. विजयेंद्र, चीफ (नोआमुंडी, काटामाटी एवं विजया-II), राजीव कुमार, चीफ (खोंडबोंड), राजेश राजन, हेड कम्युनिकेशन (रॉ मटेरियल्स एवं झारखंड), मनीष सिन्हा, हेड स्पोर्ट्स (इवेंट्स एवं ट्रेनिंग सेंटर्स) तथा उदय प्रकाश सिंह, असिस्टेंट मैनेजर, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, नोआमुंडी समेत टाटा स्टील के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
तीन प्रमुख श्रेणियों में होगी प्रतिस्पर्धा
इस वर्ष रन-ए-थॉन में अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता को मुख्य रूप से तीन दूरी की श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
- 10 किलोमीटर दौड़: 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पुरुष और महिलाएं।
- 7 किलोमीटर दौड़: 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पुरुष और महिलाएं।
- 5 किलोमीटर दौड़: 16 वर्ष से कम आयु के बालक एवं बालिकाएं।
इसके अतिरिक्त विशेष क्षमता वाले व्यक्तियों (Persons with Special Abilities) के लिए 2 किलोमीटर की विशेष दौड़ भी आयोजित की जाएगी, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस खेल उत्सव से जुड़ने का अवसर मिल सके।

विजेताओं पर होगी पुरस्कारों की बरसात, 5.67 लाख रुपये बांटे जाएंगे
इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण कुल 5 लाख 67 हजार रुपये की पुरस्कार राशि है। विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में सामान्य एवं स्थानीय श्रेणी के विजेताओं को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार राशि का विवरण इस प्रकार है :
10 किलोमीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला, प्रत्येक वर्ग)
- प्रथम पुरस्कार : ₹51,000
- द्वितीय पुरस्कार : ₹41,000
- तृतीय पुरस्कार : ₹31,000
7 किलोमीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला, प्रत्येक वर्ग)
- प्रथम पुरस्कार : ₹25,000
- द्वितीय पुरस्कार : ₹20,000
- तृतीय पुरस्कार : ₹15,000
5 किलोमीटर दौड़ (बालक एवं बालिका, प्रत्येक वर्ग)
- प्रथम पुरस्कार : ₹10,000
- द्वितीय पुरस्कार : ₹8,000
- तृतीय पुरस्कार : ₹7,000
पिछले वर्ष 4 हजार से अधिक धावकों ने लिया था हिस्सा
नोआमुंडी रन-ए-थॉन अब केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला एक बड़ा आयोजन बन चुका है। इसके पिछले संस्करण में देश के विभिन्न हिस्सों से 4,000 से अधिक धावकों ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक सफलता दिलाई थी।
इस बार आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतिभागियों की संख्या पिछले वर्ष के रिकॉर्ड को भी पार कर जाएगी। देशभर के धावकों के शामिल होने की संभावना के बीच नोआमुंडी एक बार फिर खेल और उत्साह के रंग में रंगने को तैयार है।

दौड़ के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश
इस वर्ष की थीम ‘हरित एवं बेहतर कल के लिए दौड़ें’ आयोजन को एक विशेष सामाजिक उद्देश्य से जोड़ती है। इसका संदेश है कि स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ पर्यावरण भी बेहतर भविष्य की अनिवार्य शर्त है। ऐसे आयोजनों के जरिए युवाओं, बच्चों और आम नागरिकों को खेलों से जोड़ने के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराने का प्रयास किया जा रहा है।
22 नवंबर को नोआमुंडी की सड़कों पर दौड़ते कदम न सिर्फ जीत की ओर बढ़ेंगे, बल्कि हरित, स्वस्थ और बेहतर भविष्य का संदेश भी देंगे।











