नोवामुंडी प्रखंड की टीम ने जीता ब्रॉन्ज मेडल, किरीबुरू-मेघाहातुबुरु का बढ़ाया मान
रिपोर्ट शैलेश सिंह
किरीबुरू। सेल मेघाहातुबुरु खदान प्रबंधन की सीएसआर योजना के तहत संचालित डे बोर्डिंग हॉकी ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षित कैडेट्स ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए खेलो झारखंड वेस्ट सिंहभूम लेवल हॉकी चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर किरीबुरू-मेघाहातुबुरु और नोवामुंडी प्रखंड का नाम रोशन किया है।

पुलिस लाइन मैदान में हुआ मुकाबला
29 सितंबर को चाईबासा के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में पश्चिम सिंहभूम जिले के कुल 10 प्रखंडों की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच नोवामुंडी प्रखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
किरीबुरू – मेघाहातुबुरु के स्कूलों के खिलाड़ी टीम में शामिल
नोवामुंडी प्रखंड की टीम में प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय मेघाहातुबुरु और उत्क्रमित उच्च विद्यालय किरीबुरू स्कूल के खिलाड़ी शामिल थे। इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कोच जगदीप महाराणा के मार्गदर्शन में तैयारी
टीम के अधिकांश खिलाड़ी सेल मेघाहातुबुरु के सीएसआर योजना के तहत संचालित डे बोर्डिंग हॉकी ट्रेनिंग सेंटर में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। हॉकी कोच जगदीप महाराणा के नेतृत्व में खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं। प्रतियोगिता में भी टीम ने उन्हीं के मार्गदर्शन में हिस्सा लिया।

पदक जीतने पर बधाइयों का दौर
नोवामुंडी प्रखंड की टीम के ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर हॉकी कोच, डे बोर्डिंग हॉकी ट्रेनिंग सेंटर से जुड़े लोगों, खिलाड़ियों के परिजनों और किरीबुरू-मेघाहातुबुरु के खेलप्रेमियों ने खुशी जताई। लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
सीएसआर से मिली खेल प्रतिभाओं को उड़ान
सेल मेघाहातुबुरु खदान प्रबंधन की सीएसआर पहल के तहत संचालित हॉकी प्रशिक्षण केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को नियमित प्रशिक्षण और बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर सारंडा क्षेत्र के खिलाड़ी भी जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।







