पंचायती राज विभाग ने दी 3.56 करोड़ की योजना को स्वीकृति, विधायक निरल पूर्ति ने भूमि हस्तांतरण के लिए प्रधान सचिव को लिखा पत्र
रिपोर्ट शैलेश सिंह
मझगांव। जिला परिषद चाईबासा द्वारा प्रस्तावित मझगांव बस स्टैंड एवं मार्केट कॉम्पलेक्स निर्माण योजना को पंचायती राज विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। करीब 3 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना के धरातल पर उतरने का रास्ता अब साफ होता दिखाई दे रहा है।

भूमि को लेकर विधायक ने की त्वरित पहल
बस स्टैंड के लिए पूर्व में आवंटित भूमि को लेकर विभागीय स्तर पर उत्पन्न समस्या के समाधान के लिए मझगांव विधायक निरल पूर्ति ने त्वरित पहल की है। विधायक ने पथ निर्माण विभाग से बस स्टैंड के लिए आवंटित भूमि को वापस लेकर जिला परिषद को हस्तगत करने के लिए विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार को पत्र लिखा है।
2025 में ही हो चुका है भूमि का चिह्नीकरण
बताया गया है कि अंचल अधिकारी द्वारा वर्ष 2025 में ही बस स्टैंड निर्माण के लिए भूमि का चिह्नीकरण कर दिया गया था। अब भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ने की उम्मीद है।
अंतरराज्यीय बस यात्रियों को मिलेगी सुविधा
मझगांव में प्रस्तावित बस स्टैंड से ओडिशा की अंतरराज्यीय सीमा से आने-जाने वाली बसों के यात्रियों, राहगीरों और आम लोगों को बेहतर यात्री सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। बस स्टैंड बनने से परिवहन व्यवस्था को भी व्यवस्थित स्वरूप मिल सकेगा।
मार्केट कॉम्पलेक्स से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
बस स्टैंड के साथ प्रस्तावित मार्केट कॉम्पलेक्स के निर्माण से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे मझगांव के बाजार में भी रौनक बढ़ेगी और स्थानीय कारोबारियों को बेहतर व्यावसायिक माहौल मिल सकेगा।
विधायक निरल पूर्ति की इस पहल के बाद मझगांव में लंबे समय से प्रस्तावित बस स्टैंड और मार्केट कॉम्पलेक्स की योजना के जल्द धरातल पर उतरने की उम्मीद जगी है।











