एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए जापान को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

जापान की टीम 57 रन पर सिमटी
मैच में टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों के सामने जापान की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में नजर आई और पूरी टीम 19.5 ओवर में सिर्फ 57 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज श्री चरानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं, शेफाली वर्मा ने गेंदबाजी में भी योगदान देते हुए 2 विकेट झटके।
शेफाली वर्मा ने 15 गेंदों में जड़ा नाबाद 40 रन
58 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत में दो विकेट गंवाए, लेकिन इसके बाद शेफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
शेफाली वर्मा ने महज 15 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए। उनकी तूफानी पारी की बदौलत भारत ने लक्ष्य सिर्फ 5 ओवर में हासिल कर लिया। ऋचा घोष भी 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।
सेमीफाइनल में बांग्लादेश से मुकाबला
जापान के खिलाफ जीत के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में बांग्लादेश का सामना करेगी। भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने के इरादे से उतरी है।
भारत की इस जीत में श्री चरानी की शानदार गेंदबाजी और शेफाली वर्मा की तेजतर्रार बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई।






