इलाज में पंचायत प्रतिनिधियों के सत्यापन की पुरानी व्यवस्था बहाल करने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और CSR मरीजों को पूरी दवा उपलब्ध कराने की मांग
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
मेघाहातुबुरु। सेल के किरीबुरू-मेघाहातुबुरु जनरल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को हो रही परेशानियों को लेकर अब महिलाओं ने भी आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में किरीबुरू और मेघाहातुबुरु क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के मेघाहातुबुरु कार्यालय में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय से मुलाकात कर अस्पताल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

मुखिया के भरोसे मरीजों का इलाज, पुरानी व्यवस्था बहाल हो
महिलाओं ने बताया कि पूर्व में पंचायत के तमाम जनप्रतिनिधियों द्वारा जारी सत्यापन पर्ची के आधार पर अस्पताल में मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जाता था। लेकिन पिछले कई महीनों से अस्पताल प्रबंधन द्वारा केवल मुखिया की सत्यापन पर्ची को ही मान्यता दी जा रही है। इससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर जब मुखिया किसी कारणवश पंचायत क्षेत्र से बाहर होती हैं, तब मरीजों को सत्यापन पर्ची नहीं मिल पाती और इलाज कराने में कठिनाई होती है। महिलाओं ने मांग की कि पूर्व की तरह सभी पंचायत प्रतिनिधियों की सत्यापन पर्ची को मान्यता देने की व्यवस्था तत्काल बहाल की जाए।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से मरीज परेशान
महिलाओं ने अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ, ईएनटी (कान-नाक-गला), हड्डी रोग तथा नस रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग उठाई। उनका कहना था कि इन बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
CSR मरीजों को पूरी दवा उपलब्ध कराने की मांग
बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि CSR के तहत इलाज कराने आने वाले मरीजों को अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। कई बार मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। महिलाओं ने अस्पताल प्रबंधन से मांग की कि CSR मरीजों के लिए सभी जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि निःशुल्क इलाज की व्यवस्था का वास्तविक लाभ जरूरतमंदों को मिल सके।
रामा पांडेय ने दिया प्रबंधन से वार्ता का भरोसा
महिलाओं की समस्याओं और मांगों को सुनने के बाद केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने कहा कि महिलाओं द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे जायज हैं। संघ इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन के समक्ष रखेगा और इनके समाधान के लिए वार्ता करेगा।
दूसरी तरफ महिलाओं ने भी स्पष्ट किया कि वे स्वयं अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी से मुलाकात कर इन समस्याओं को उठाएंगी। यदि प्रबंधन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाती है तो महिलाएं आगे की रणनीति तय करेंगी। महिलाओं ने अस्पताल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर आवाज उठाने का भी संकल्प जताया।

सेल कर्मियों और ठेका श्रमिकों की मांगों पर भी जल्द होगी वार्ता
इस दौरान रामा पांडेय ने बताया कि सेल कर्मियों और ठेका श्रमिकों से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण मांगों का मांगपत्र मेघाहातुबुरु प्रबंधन के समक्ष पहले ही रखा जा चुका है। आगामी 4-5 दिनों के भीतर सीजीएम के साथ वार्ता कर यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि उन मांगों पर प्रबंधन ने अब तक कितनी पहल की है और किन समस्याओं का समाधान हुआ है।
इस बैठक में संघ के महासचिव अफताब आलम सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।








