शराब के नशे में बाइक चलाने के दौरान हादसे की आशंका, पूरी रात सड़क किनारे पड़े रहे दोनों युवक
गुवा संवाददाता।
गुवा थाना क्षेत्र के गंगदा घाटी में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नुईया गांव निवासी गुरा चाम्पिया (18), पिता सोमनाथ चाम्पिया के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान जादू जामुदा (18) के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार शाम रोवाम बाजार से बाइक पर सवार होकर गुवा की ओर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने काफी शराब पी रखी थी और नशे की हालत में थे। इसी दौरान गंगदा घाटी के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के पोल से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार कि मौके पर चली गई जान
हादसा इतना भीषण था कि बाइक से गिरने के कारण गुरा चाम्पिया के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जादू जामुदा भी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घायल जादू के अनुसार, हादसे के बाद उसने सड़क से गुजरने वाले लोगों से मदद की गुहार लगाई और कई वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन रात का समय होने के कारण किसी ने रुककर उनकी सहायता नहीं की। इसके चलते दोनों युवक पूरी रात गंगदा घाटी में ही पड़े रहे।

सुबह मिली हादसे की जानकारी, मौके पर पहुंची पुलिस
शुक्रवार सुबह हादसे की जानकारी प्रशासन को मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दोनों युवकों को उपचार के लिए गुवा अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने गुरा चाम्पिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल जादू जामुदा का तत्काल इलाज शुरू किया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच
गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हादसे से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बाइक किस परिस्थिति में अनियंत्रित हुई और हादसे के समय दोनों युवक किस स्थिति में थे।













