पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई पहुंचे बड़ाजामदा, नोवामुंडी अस्पताल में घायलों से की मुलाकात
गुवा संवाददाता।
बड़ाजामदा में आदिवासी छात्रा से कथित छेड़खानी और विरोध करने वाले स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस-प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

छात्रा से कथित छेड़खानी का आरोप
बताया गया कि विगत दिनों बड़ाजामदा के अमन लॉज में किराये पर रह रहे कुछ युवकों पर एक आदिवासी छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय युवाओं ने इसका विरोध किया।
विरोध करने पर हमले का आरोप
आरोप है कि छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार का विरोध करने से नाराज युवकों ने सुनियोजित तरीके से स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

टीएमएच में चल रहा घायलों का इलाज
हमले में घायल युवाओं को इलाज के लिए नोवामुंडी स्थित टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बताया जा रहा है।
घायलों से मिले पूर्व मंत्री
मामले की जानकारी मिलने के बाद भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई बड़ाजामदा पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद नोवामुंडी अस्पताल जाकर घायल युवाओं से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पीड़ित परिवारों के साथ भाजपा
बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि आदिवासी छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और उसके विरोध में युवाओं पर हमला गंभीर मामला है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
पूर्व मंत्री ने पुलिस-प्रशासन से मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित छात्रा और घायल युवाओं को न्याय मिलना चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन
गागराई ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े इस मामले में पुलिस प्रशासन को गंभीरता दिखानी होगी। गिरफ्तारी में देरी होने पर उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जवाबदेही पुलिस-प्रशासन की होगी।
भाजपा नेताओं की रही मौजूदगी
मौके पर शम्भु हाजरा, भाजपा सारंडा मंडल अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़, भाजपा नेता अजीत सिंह, राय भूमिज, राजा तिर्की, संजीव राय, अशोक पान समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।














