किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर फंसे यात्री, वन विभाग और प्रशासन से पेड़ हटाने की मांग
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर सैडल गेट और बराईबुरु गांव के बीच रविवार को एक विशाल पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर जाने से दोनों ओर का आवागमन प्रभावित हो गया। सड़क पूरी तरह अवरुद्ध होने से कई यात्री, वाहन चालक और राहगीर घंटों तक रास्ते में फंसे रहे।

मुख्य सड़क पर लगा वाहनों का लंबा जाम
पेड़ गिरने के कारण चारपहिया और बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोटरसाइकिल सवार भी मुश्किल से कर रहे पार
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर गिरे विशाल पेड़ के कारण मोटरसाइकिल सवार भी काफी मशक्कत के बाद किसी तरह रास्ता पार कर पा रहे हैं। बड़े वाहनों के लिए मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
राहगीरों की बढ़ी परेशानी
मार्ग बाधित होने से रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ दूर-दराज के यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग घंटों सड़क खुलने का इंतजार करते रहे।

वन विभाग और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
स्थानीय ग्रामीणों और यात्रियों ने वन विभाग एवं जिला प्रशासन से सड़क पर गिरे पेड़ को तत्काल हटाकर यातायात सामान्य करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग किरीबुरू और बड़ाजामदा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क है, इसलिए इसे जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।













