23 स्वर्ण, 16 रजत व 13 कांस्य पदक के साथ फुटबॉल में भी बने उपविजेता, विद्यालय में खिलाड़ियों का हुआ भव्य सम्मान
गुवा संवाददाता
गुवा। डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा के खिलाड़ियों ने क्लस्टर स्तरीय एथलेटिक मीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम पूरे क्षेत्र में गौरवान्वित किया है। 31 जुलाई 2026 को डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर में आयोजित क्लस्टर एथलेटिक मीट में विद्यालय के खिलाड़ियों ने ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 52 पदक अपने नाम किए। इनमें 23 स्वर्ण, 16 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं।
दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक तथा चक्का फेंक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की खेल प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। वहीं, नोवामुंडी में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में भी डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (रनर-अप) बनने का गौरव हासिल किया और रजत पदक जीता।

प्रार्थना सभा में खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं फुटबॉल टीम को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
खेल शिक्षक के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की मेहनत लाई रंग
विद्यालय की इस सफलता का श्रेय खेल शिक्षक विनोद कुमार साहू के कुशल मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को दिया गया। खिलाड़ियों के अनुशासन और समर्पण ने विद्यालय को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई।
प्राचार्य ने जताया गर्व
विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 23 स्वर्ण, 16 रजत और 13 कांस्य पदकों के साथ फुटबॉल प्रतियोगिता में उपविजेता बनना पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। खेल शिक्षक विनोद कुमार साहू के समर्पित प्रयासों और अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय के खिलाड़ी लगातार नई ऊँचाइयाँ छू रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ये खिलाड़ी विद्यालय, क्षेत्र और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, फुटबॉल टीम, खेल शिक्षक विनोद कुमार साहू तथा अभिभावकों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।









